spot_img

MUMBAI : अदानी समूह में हुए कुप्रबंधन की जांच से क्यों डर रही है मोदी सरकार? नाना पटोले

मुंबई : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ‘हम दो, हमारे दो’ की सरकार है।शुरू से इस बात का दावा करने वाली कांग्रेस पार्टी की बात अब सच साबित हो रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हमेशा से अदानी और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच घनिष्ठ संबंधों की बात करते रहे हैं। उन्होंने कहा था कि एक दिन अदानी का बुलबुला फूटेगा। सिर्फ उद्योगपति मित्रों के लिए काम कर रहे प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये अदानी की कंपनी में अवैध रूप से लगा दिए, जिसका खामियाजा देश और निवेशकों को भुगतना पड़ रहा है। मोदी सरकार पर यह करारा हमला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने किया है। उन्होंने पूछा है कि अरबों रुपयों का महाघोटाला होने के बाद भी मोदी सरकार, अदानी के खिलाफ जांच से क्यों डर रही है है?

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की मौजूदगी में प्रदेश नेताओं ने सोमवार को पुणे के तिलक चौक स्थित एलआईसी कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, अशोक चव्हाण, पूर्व मंत्री विश्वजीत कदम, विधायक संग्राम थोपटे, पूर्व विधायक उल्हास पवार, पुणे शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

नाना पटोले ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश की आम जनता का पैसा अपने दोस्त अदानी को दे दिया। अदानी ने झूठ दावे कर एलआईसी, एसबीआई के पैसों को लूटने का काम किया है। ये संस्थान लोगों की वित्तीय सुरक्षा के लिए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 8 सालों में अदानी सीधे तौर पर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने अदानी की धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया लेकिन मोदी सरकार इस उद्योगपति को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सारे सरकारी संस्थान मोदी के दोस्तों के कंट्रोल में हैं। अगर यह सरकार लोकतंत्र में विश्वास रखती है तो उसे न्याय व्यवस्था में समस्या पैदा नहीं करनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल तीन दिनों से संसद में अदानी के कुप्रबंधन पर बहस की मांग कर रहे हैं लेकिन मोदी की तानाशाही सरकार इस पर चर्चा नहीं कर रही है। कांग्रेस पार्टी लोगों के कल्याण के लिए हमेशा से उनके साथ खड़ी रही है। आज भी कांग्रेस पार्टी ने जनता के पैसे को सुरक्षित रखने और अदानी के कुप्रबंधन की जांच के लिए राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया। पटोले ने कहा कि जब तक अदानी के कुप्रबंधन की जांच नहीं हो जाती और लोगों के एक-एक पैसे का हिसाब नहीं हो जाता, तब तक कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीम खान के नेतृत्व में ठाणे शहर में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा धुले में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुणाल पाटिल , अमरावती में नगर जिलाध्यक्ष बबलू शेखावत व ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख, कल्याण में महासचिव बृज दत्त व जिलाध्यक्ष सचिन पोटे, कोल्हापुर व नागपुर में जिलाध्यक्ष सचिन चव्हाण, नागपुर में विधायक विकास ठाकरे और विशाल मुत्तेमवार, नाशिक में शहर अध्यक्ष शरद आहेर, उस्मानाबाद में जिला अध्यक्ष धीरज पाटिल, खामगांव में पूर्व विधायक दिलीप सानंदा की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलआईसी और एसबीआई के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles