बस ड्राइवर हिरासत में, मृतक संख्या बढ़कर 26 हुई, पांच को मिली अस्पताल से छुट्टी
मुंबई :(Mumbai) महाराष्ट्र के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रात को हुए बुलढ़ाणा बस हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है। फडणवीस ने शनिवार को पत्रकारों को बताया झुलसे और घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर है। घटना बहुत ही दुखद है। राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है।
उन्होंने कहा बस ड्राइवर दानिश शेख इस्माइल शेख को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिला अस्पताल में से पांच लोगों को छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल में इलाज के दौरान एक यात्री ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री फडणवीस अपने नियमित कार्यक्रम रद्द कर बुलढ़ाणा रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के आश्रितों को पांच लाख रुपये की मदद की देने घोषणा की है।
यह हादसा शुक्रवार रात करीब एक बजकर 35 मिनट पर बुलढ़ाणा जिले में समृद्धि हाइवे पर पिंपलखुटा फाटा के हुआ है। यहां नागपुर से पुणे जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई और बस में आग लग गई। इस बस में दो चालकों सहित 33 लोग सवार थे। बस चालक दानिश शेख ने पहले बताया था कि बस का अगला टायर निकल गया था। बस जलने के बाद चारों टायर पूर्ववत मिले हैं। इसी वजह से संभावना जताई जा रही है कि चालक को अचानक नींद आने से यह हादसा हुआ। दूसरा ड्राइवर अरविंद मारुति जाधव सो रहा था। उसे मामूली चोट आई है।
बुलढ़ाणा जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील कडासने ने कहा है कि शवों का डीएनए टेस्ट कराने के लिए जिला अस्पताल के प्रमुख डॉक्टर से बात की गई है। डीएनए परीक्षण के बाद शव उनके रिश्तेदारों को सौपे जाएंगे।: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे में बस पलटी, लगी आग , 25 लोग भस्म आठ लोगों ने खिड़की का शीशा तोड़कर बचाई जान, पुलिस ने कहा- सभी शव बुरी तरह झुलसे, पहचान संभव नहीं
बुलढाणा : बुलढाणा जिले में शुक्रवार आधीरात बाद करीब दो बजे बस हादसे में 25 लोगों की जान चली गई। यह हादसा यवतमाल से पुणे जा रही बस के अनियंत्रित होकर खंभे से टकराकर डिवाइडर पर चढ़ने से हुआ। बस डिवाइडर पर चढ़ते ही पलट गई और उसमें आग लग गई। बस में 33 लोग सवार थे। इनमें से 25 जल कर राख हो गए। आठ लोगों ने खिड़की का शीशा तोड़कर जान बचाई।
यह हादसा बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा में पिंपलखुटा गांव के पास समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बुलढाणा के एसपी सुनील कड़ासेन ने बताया, हादसे में बस का ड्राइवर बच गया है। उसने बताया कि टायर फटने के बाद बस पलटी। इसके बाद बस में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्क्षियों के अनुसार, ड्राइवर ने बस पर संतुलन खो दिया था। बस पहले एक लोहे के खंभे से टकराई। इसके बाद एक्सप्रेस-वे के बीच बने कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस बायीं तरफ पलटी, जिससे उसका दरवाजा नीचे आ गया। इस वजह से यात्रियों के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था।
एसपी सुनील कड़ासेन ने कहा है कि पुलिस ने बस से 25 शवों को निकाला है। यह शव 100 प्रतिशत झुलसे हुए हैं। इनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पलटने से बस का डीजल टैंक फट गया। इससे डीजल सड़क पर फैल गया। इस वजह से आग भयावह हो गई। देखते ही देखते बस लाक्षागृह में तब्दील हो गई।


