मंडी:(Mandi) मंडी शहर के केंद्र में स्थित अप्पर समखेतर निवासी महिला वंदना देवी ने पड़ोसी द्वारा घर के साझा आंगन और रास्ते में कूड़ा फैंक कर गंदगी फैलाने के विरोध में उपायुक्त मंडी से शिकायत की है। उपायुक्त को लिखे पत्र में वंदना देवी पत्नी स्व. हरीश कुमार मकान नंबर 140/7 अप्पर समखेतर ने कहा है कि अपने पति की मृत्यू के पश्चात अपना और दो बच्चों का पालन पोषण व पढ़ाई सिलाई का कार्य करने से कर रही हैं।
उनका कहना हे कि उनका मकान मुस्तरिका है जिसमें बहुत से लोग रहते हैं । उनके पड़ोसी रविंद्र कुमार और उनके किराएदार घर के आंगन में और उनके रास्ते में कूड़ा फैंकते हैं। जिससे कूड़े के ढेर लगने के कारण गंदगी फैल रही है।
वंदना देवी का कहना है कि इस बारे में कई बार शिकायत भी की गई। लेकिन न तो कूड़ा उठाया गया और न ही इस बारे उनको कोई आदेश दिए गए। जिसकी वजह से कूड़ा फैंकने का क्रम बदस्तूर जारी है। वंदना देवी का कहना है कि वह अकेली औरत अपने बच्चों के साथ रहती है और गंदगी की वजह से कोई भी बीमारी फैल सकती है।
वंदना ने बताया कि उसे और उसके बच्चों को गंदगी से बीमारी और सांस की समस्या हो गई है। उनका कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों से भी इस बारे शिकायत की है। मगर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
वंदना देवी का कहना है मंडी शहर के बीचोंबीच भूतनाथ मंदिर के पीछे नरक जैसे हालात बने हुए हैं। मगर नगर निगम इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मजबूरन इस बारे में उपायुक्त मंडी से शिकायत करनी पड़ी है। इधर, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने मामले की जांच के लिए नगर निगम को आदेश दिए हैं।


