दिल्ली : उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में रविवार सुबह एक महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नाजिया (25) के रूप में हुई है। वारदात के समय महिला के सात और दो साल के बच्चे उसके पास ही सोए हुए थे। दोपहर 12 बजे बेटा सोकर उठा तो उसने मां का गला काटा पाया।
मासूम ने फौरन अपने दादा को फोन कर मां की हत्या की सूचना दी। बाद में पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को भी जांच के लिए मौके पर बुला लिया गया। घर में फ्रेंडली एंट्री हुई। पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या में किसी करीबी का हाथ हो सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला नाजिया बौर उसके पति की उम्र में 21 वर्ष का फासला था। नाजिया का पति उससे उम्र में दोगुना बड़ा था। पुलिस इन सब बातों और परिवार के दूसरों से रिश्तों की जांच कर रही है। पुलिस ने नाजिया का मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नाजिया परिवार के साथ सदर बाजार स्थित गली दर्जियान में रहती थी। इसके परिवार में पति कासिम (46) के अलावा सात साल का बेटा आर्यन, दो साल की बेटी मरियम है। नाजिया कासिम के पुश्तैनी मकान में दूसरी मंजिल के कमरे में रहती थी। कासिम का परिवार यहां कई दशकों से रहता है। बाकी अलग-अलग फ्लोर पर दूसरे परिवार रहते हैं।
कासिम पटरी लगाकर कॉस्मेटिक का सामान बेचने का काम करता है। रविवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने काम पर चला गया। अक्सर वह तड़के घर से निकल जाता है। दोपहर करीब 12 बजे नाजिया का बेटा सोकर उठा को उसने बिस्तर पर मां को खून से लथपथ पाया। बाद में परिजनों को वारदात की खबर हुई।
दोपहर करीब 12.28 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। नाजिया के देवर ने भाभी की हत्या की खबर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए बाड़ा हिन्दूराव स्थित मोर्चरी भेज दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि नाजिया को गला घोंटने के बाद सब्जी काटने वाले चाकू से मारा गया है।
पुलिस एक-एक नाजिया के ससुराल वालों के अलावा परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आशंका जता रही है कि नाजिया का हत्यारा कोई करीबी ही है। दूसरी मंजिल पर जाकर किसी महिला की हत्या करना आसान नहीं है। कोई करीबी जानकार ही इस तरह से वारदात को अंजाम दे सकता है।


