दिल्ली : जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक सनकी व्यक्ति ने कई लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। मृतक का नाम रवि बताया जा रहा है और वह जहांगीरपुरी इलाके का रहने वाला था। उसकी गर्भवती पत्नी बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती है और वह उसी के लिए कुछ सामान लेने के लिए घर गया था।
घर से लौटते समय रवि पर व्यक्ति ने हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद लोगों ने अस्पताल में उसे भर्ती कराया लेकिन शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई। बताया गया कि रविवार को उसकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया। सनकी व्यक्ति ने जहांगीरपुरी ए ब्लॉक आईटीआई रोड और आसपास के इलाके में लोगों पर हमला किया जिसमें तीन अन्य लोग भी घायल हुए।
हमले में घायल हुए अन्य लोगों की पहचान लाल सिंह, ध्रुव कुमार और मुनाफ के रूप में की गई है। हालांकि इन तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।


