
मुंबई: (Mumbai) दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके (Pydhonie area of South Mumbai) से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला अब्दुल कादर, उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) व ज़ैनब (13) के (40-year-old Abdullah Abdul Qader, his wife Nasreen (35), and their two daughters, Aisha (16) and Zainab (13))रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत ने न केवल परिजनों, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
रिश्तेदारों के साथ किया था डिनर
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात अब्दुल्ला के घर पर डिनर का आयोजन किया गया था। रात करीब 10:30 बजे परिवार के चारों सदस्य पांच रिश्तेदारों के साथ खाना खाए थे। भोजन के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए और उस समय तक सभी सामान्य स्थिति में थे।
तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि रिश्तेदारों के जाने के बाद रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज खाया। इसके कुछ ही समय बाद सभी को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी जैसे लक्षण महसूस होने लगे। पहले उन्हें एक स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
जेजे अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हालत गंभीर होने पर चारों को तत्काल जेजे अस्पताल (JJ Hospital) ले जाया गया। इलाज के दौरान सबसे छोटी बेटी ज़ैनब की रविवार सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद आयशा, नसरीन और अंत में पिता अब्दुल्ला ने भी दम तोड़ दिया। अब्दुल्ला की मौत रविवार रात करीब 10:30 बजे हुई।
स्थानीय व्यवसायी थे अब्दुल्ला
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला अब्दुल कादर मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाते थे और अपने परिवार के साथ पायधुनी इलाके में रहते थे। पूरे परिवार की इस तरह अचानक मौत ने स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
तरबूज का सैंपल जांच के लिए भेजा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेजे मार्ग पुलिस ने घटनास्थल से आधा कटा हुआ तरबूज बरामद किया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या तरबूज में कोई जहरीला पदार्थ, बैक्टीरिया या मिलावट मौजूद थी।
तीन एजेंसियां कर रहीं जांच
इस मामले की जांच तीन अलग-अलग स्तरों पर की जा रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) (Food and Drug Administration) भोजन में किसी प्रकार की मिलावट या जहरीले तत्व की जांच करेगा। जेजे अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग संक्रमण और बैक्टीरिया की जांच कर रहा है, जबकि फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) विसरा और खाद्य नमूनों के आधार पर मौत के कारणों का मिलान करेगी।
अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
चारों के पोस्टमॉर्टम पूरे कर लिए गए हैं, लेकिन मौत की असली वजह का खुलासा हिस्टोपैथोलॉजी और अन्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल जेजे मार्ग पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


