spot_img

Sonipat : प्रतिबंधित दवाईयां व इंजेक्शन मिले तो दुकान को सील किया

सोनीपत : ड्रग कंट्रोल अधिकारी (डीसीओ) संदीप हुड्डा के साथ मिलकर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को यहां एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नशे में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवाएं व इंजेक्शन बरामद किए हैं। डीसीओ ने मेडिकल स्टोर को सील करने के साथ ही स्टोर संचालक का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी की गई है।

देवडू रोड पर ज्योदीप फार्मा मेडिकल स्टोर पर नशे में प्रयोग होने वाली दवाइयों को बेचे जाने की सूचना हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को टोल फ्री नंबर पर मिली थी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रोहतक यूनिट ने एएसआई संदीप के नेतृत्व में सोनीपत के ड्रग कंट्रोल अधिकारी संदीप हुड्डा के साथ मौके पर छापा मारकर कार्रवाई की।

स्टोर पर ट्रामाडोल, एल्प्रपाजेलाम, पेंटाजोशन इंजेक्शन, कोडिन सिरप आदि प्रतिबंधित दवाएं रखी मिली हैं। टीम ने इन दवाइयों को सील करने के बाद मेडिकल स्टोर को भी सील कर दिया है। साथ ही रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। सोनीपत के डीसीओ, संदीप हुड्डा ने बताया कि देवडू रोड पर ज्योदीप फार्मा नाम से दवा की दुकान पर छापा मारा गया। वहां पर नशे में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित कई दवाएं व इंजेक्शन मिले हैं। जिन्हें सील करने के बाद दुकान को भी सील कर दिया गया है। रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है वहां से आगे की कार्रवाई होगी।

Explore our articles