
कोलकाता : (Kolkata) पश्चिम बंगाल सरकार (West Bengal government) ने प्रदेश के सभी मदरसों में प्रार्थना सभाओं के दौरान ‘वंदे मातरम’ (‘Vande Mataram’) का गायन तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है। मदरसा शिक्षा निदेशालय (Directorate of Madrasa Education) का यह आदेश राज्य सरकार द्वारा सभी स्कूलों में राष्ट्रगीत का गायन अनिवार्य किए जाने के लगभग एक सप्ताह बाद आया है। यह निर्देश सरकार के मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, अनुमोदित शिशु शिक्षा केंद्रों और (Shishu Shiksha Kendras) माध्यमिक शिक्षा केंद्रों, (Madhyamik Shiksha Kendras) साथ ही अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के तहत काम कर रहे मान्यता प्राप्त मदरसों पर लागू होगा。
स्कूलों के लिए निर्देश
पिछले सप्ताह, राज्य सरकार ने सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों को निर्देश दिया था कि वे तत्काल प्रभाव से सुबह की प्रार्थना सभाओं में ‘वंदे मातरम’ (‘Vande Mataram’) गाना अनिवार्य रूप से शामिल करें। निर्देश में कहा गया है कि स्कूल के दिन की शुरुआत में हर छात्र को राष्ट्रगीत गाने में हिस्सा लेना चाहिए। संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
विपक्षी दलों ने निशाना साधा
मदरसों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य करने पर विपक्षी दलों ने इस कदम को मनमाना और देश की बहुलवादी संस्कृति को कमजोर करने की कोशिश बताया। सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता सुजन चक्रवर्ती (Sujan Chakraborty) ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा क्षेत्र की बिगड़ती हालत से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि राज्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप भट्टाचार्य (Pradip Bhattacharya) ने मदरसा शिक्षा निदेशालय के इस आदेश को गलत बताया। चक्रवर्ती ने कहा कि टीएमसी (TMC) ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस सरकार की पहली प्राथमिकता शिक्षा क्षेत्र को फिर से खड़ा करना होना चाहिए। लेकिन, प्रशासन को इस बात में ज्यादा दिलचस्पी है कि स्कूलों की असेंबली में कौन सा गाना गाया जाए। भट्टाचार्य ने कहा कि वंदे मातरम गाना ऐतिहासिक रूप से विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक आंदोलनों से जुड़ा रहा है, इसलिए इसे मदरसों में अनिवार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कदम से समाज के कुछ वर्गों में नाराजगी पैदा हो सकती है, इसलिए सरकार को अपने इस फैसले पर फिर से विचार करना चाहिए।


