spot_img

Faridabad : लापता बच्चा पुलिस ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत कर सकुशल किया बरामद

फरीदाबाद : महिला थाना बल्लभगढ़ प्रभारी इंस्पेक्टर गीता व उनकी टीम ने लापता हुए एक 4 वर्षीय बच्चे को सकुशल उसकी माता के हवाले किया है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 30 वर्षीय पीड़ित महिला अपने पिता के साथ अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज की शिकायत देने आई थी, जिसने अपने 4 वर्षीय बेटे को थाना परिसर की पार्किंग में स्कूटी पर बैठा दिया।

महिला का बेटा बोलने में असमर्थ था। बच्चे को बैठाकर वह थाने में अपनी शिकायत देने गई जहां से थोड़ी देर पश्चात वह अपने बेटे को देखने के लिए बाहर आई तो उसका बेटा वहां पर नहीं था। महिला ने आसपास अपने बच्चे को ढूंढा, परंतु वह कहीं नहीं मिला। महिला बच्चे को देखने के लिए थाने के बाहर सड़क़ पर भी गई और वहां पर भी अपने बच्चे को तलाश किया, परंतु वह कहीं दिखाई नहीं दिया। महिला ने यह बात पुलिस टीम को बताई जिसके पश्चात बच्चे की तलाश के लिए उपनिरीक्षक सुखबीर, सिपाही सुरेंद्र तथा चरण की पुलिस टीम का गठन करके भेजा गया। पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश के लिए आसपास की जगह पर लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरे चेक किए। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत करने के पश्चात पुलिस ने बच्चे को सकुशल तलाश कर लिया और उसे लेकर महिला के पास आए। बच्चे को उसकी माता के हवाले किया गया, जिस पर महिला ने पुलिस टीम का तहे दिल से धन्यवाद किया।

Explore our articles