शिमला : (Shimla) राजधानी शिमला (capital Shimla) के ढली क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल में जन्मदिन मनाने आए दो युवकों के बीच हुआ मामूली झगड़ा खौफनाक वारदात (horrific incident) में बदल गया। होटल के कमरे में एक युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। चचेरे भाई पर हत्या का आरोप है जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
ढली थाना पुलिस (Dhali police station) के अनुसार चंडीगढ़ निवासी आकाश शर्मा (पुत्र स्वर्गीय अजय शर्मा, उम्र करीब 22 वर्ष) और पंचकूला निवासी अर्जुन शर्मा (पुत्र अनिल शर्मा, उम्र करीब 23 वर्ष) ने 11 जून की रात करीब 8:22 बजे होटल में चेक-इन किया था। दोनों चचेरे भाई थे और शिमला घूमने व जन्मदिन मनाने के उद्देश्य से आए थे।
होटल के रिसेप्शनिस्ट मनीष ठाकुर (receptionist Manish Thakur) के अनुसार आज सुबह करीब 10 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बताया कि अर्जुन शर्मा ने अपने परिवार से बात कर यह कबूल किया है कि उसने आकाश शर्मा की हत्या कर दी है और होटल स्टाफ को कमरे की जांच करनी चाहिए। साथ ही बताया गया कि दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं।
इस सूचना के बाद होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी से कमरा नंबर 302 खोला तो भीतर का नजारा देखकर सब दंग रह गए। कमरे के भीतर आकाश शर्मा खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर मृत पड़ा था। उसके चेहरे और गर्दन पर गहरे जख्म थे। होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ढली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर हत्या से जुड़े सबूत इकट्ठा किए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर तकरार हुई थी जो बाद में जानलेवा झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि झगड़े के दौरान अर्जुन शर्मा ने पहले आकाश के सिर पर बीयर की बोतल से वार किया और फिर बोतल तोड़कर उसी से उसका गला रेत दिया। यह हत्या रात के वक्त की गई और इसके बाद आरोपी सुबह करीब 5:17 बजे होटल से अपनी मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी शिमला गौरव सिंह (SP Shimla Gaurav Singh) ने बताया कि इस घटना को लेकर ढली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल और लोकेशन ट्रैक कर रही है।


