
मुंबई : (Mumbai) रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन-3’ को लेकर चल रही अनबन अब खत्म होती नजर आ रही है। खबर है कि फिल्म के बजट और फीस को लेकर अभिनेता और निर्देशक फरहान अख्तर (actor and director Farhan Akhtar) के बीच पैदा हुआ विवाद अब सुलझ गया है। बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट को समय पर आगे बढ़ाने के लिए रणवीर ने अपनी फीस में से 10 करोड़ रुपये लौटाने पर सहमति जताई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर ने पहले मिली साइनिंग अमाउंट का हिस्सा वापस करने के साथ-साथ एक्सेल एंटरटेनमेंट को हुए नुकसान की भरपाई के लिए अपनी आगामी फिल्म ‘प्रलय’ (Pralay) में प्रोडक्शन हाउस को हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव भी रखा है। हालांकि, इस संभावित साझेदारी में मुनाफे या मालिकाना हिस्सेदारी का प्रतिशत क्या होगा, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत रणवीर के फिल्म से बाहर होने की खबरों के बाद हुई थी। स्क्रिप्ट में देरी और रचनात्मक मतभेदों को इसकी वजह माना गया। वहीं, रणवीर की ओर से पटकथा और प्रोजेक्ट की दिशा को लेकर असंतोष की बात सामने आई थी। फिलहाल न तो रणवीर और न ही फरहान या एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से इस समझौते पर कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बनी यह सहमति फिल्म के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।


