रामगढ़ : रजरप्पा थाना क्षेत्र में उचक्कों ने एक स्कूटी के डिक्की में रखे चार लाख रुपए मंगलवार की शाम उड़ा लिए। इसे लेकर भुक्तभोगी युवक के पिता ने रजरप्पा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों द्वारा पैसे की चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार चितरपुर निवासी अली रजा का कहना है कि उनका पुत्र अब्दुल सलाम अपनी स्कूटी से पैसे निकासी करने बैंक ऑफ इंडिया की चितरपुर शाखा गया। बैंक से चार लाख रूपए की निकासी करने के बाद उसने पैसे को स्कूटी की डिक्की में रख दिया। इसके बाद स्कूटी खड़ा कर कुछ काम के लिए एनएसटी टेलर के पास गया। कुछ देर बाद जैसे ही उसने देखा तो स्कूटी का डिक्की खुला हुआ है। जब पास पहुंचा तो देखा कि वहां रखे चार लाख रूपए एवं पासबुक गायब हैं।
इसके बाद उसने इधर-उधर काफी खोजबीन की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद चितरपुर मेन रोड स्थित मारिया वस्त्रालय एवं अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरा देखा तो पता चला कि अपाची बाइक में दो लड़के आए और डिक्की से पैसा निकाल कर भाग निकले। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उनकी पहचान नहीं हो पाई। इसे लेकर युवक के पिता ने रजरप्पा थाना में आवेदन देते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरों को पकड़ने की मांग की है।


