spot_img

Palwal : 9 दिन बाद भी राइस मिल नहीं पहुंचा ट्रक, 6 लाख का धान गायब

पलवल : पलवल अनाज मंडी में आढ़त से गोपाल राइस मिल करनाल के लिए ट्रक में लोड कर भेजे गए साढ़े 6 लाख रुपए का धान ट्रांसपोर्टर व ट्रक चालक ने मिलीभगत कर गायब कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को आढ़ती की शिकायत पर ट्रांसपोर्टर और चालक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है ।

कैंप थाना प्रभारी सत्यनारायण के अनुसार, अनाज मंडी पलवल की आढ़त नंबर 34 के मालिक ऋषभ ने दी शिकायत में कहा कि रियांशी इंटरप्राइजेज के नाम से उसने प्रदीप कुमार के साथ फर्म बनाई हुई है। जिसके माध्यम से वह सानों की फसल खरीदने का काम करते हैं। खरीदी हुई फसल को मिल में बेचने का काम करते हैं। इन दिनों मंडी में धान की फसल की खरीद चल रही है। वे किसानों से धान खरीदकर ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से धान को मिलों में भिजवा रहे हैं। 10 अक्टूबर को उनकी फर्म द्वारा खरीदे गए धान को गोपाल राइस मिल निसिंग करनाल में भेजने के लिए गाड़ी की जरूरत पड़ी।

जिसके लिए पार्टनर प्रदीप कुमार ने गुप्ताजी रोड लाइंस ट्रांसपोर्टर होडल से संपर्क किया, क्योंकि उक्त ट्रांसपोर्टर पहले भी हमारा माल लेकर जाता रहा है। उनके मांगने पर ट्रांसपोर्टर ने एक ट्रक उनके पास भेज दिया। जिसमें उन्होंने धान की 6 लाख 43 हजार 613 रुपए कीमत की 410 बोरी व 20 हजार रुपए कीमत का बारदाना लोड करा दिया। ट्रांसपोर्टर भगवानदास ने राशिद नामक ट्रक चालक को भेजा था। ट्रक चालक राशिद अपने साथी परिचालक के साथ पलवल मंडी से धान लेकर गोपाल राइस मिल निसिंग के लिए निकल गया, लेकिन 19 अक्टूबर तक भी वहां नहीं पहुंचा।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्टर भगवानदास ने चालक-परिचालक के साथ मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपए के धान का गबन किया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Explore our articles