
नई दिल्ली : (New Delhi) उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) ने महिला कुश्ती पहलवान विनेश फोगाट (wrestler Vinesh Phogat) को एशियन गेम्स के लिए 30 मई से होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। जस्टिस पीएस नरसिम्हा (Justice PS Narasimha) की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि वो दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश में कोई दखल नहीं देगा।
उच्चतम न्यायालय ने भले ही विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के लिए 30 मई से होने वाले ट्रायल के लिए अनुमति दे दी लेकिन इस बात पर एतराज जताया कि उन्होंने डोपिंग टेस्ट को मिस किया और वो कहां है इसे लेकर भारतीय कुश्ती संघ (Wrestling Federation of India) को अंधेरे में रखा। कोर्ट ने कहा कि विनेश फोगाट एक साधारण एथलीट नहीं हैं लेकिन 14 दिसंबर 2024 को आपने यह कहते हुए अवकाश लिया कि आप अगस्त 2025 में फिर से इसमें हिस्सा लेना शुरु करेंगी। तीन जून 2025 को आपने सूचित किया कि आपकी छुट्टी समाप्त हो गई है और आप काम शुरू करेंगी। उसके बाद जुलाई 2025 में आप मां बन गईं।
उल्लेखनीय है कि 22 मई को दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court)ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के लिए होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी थी। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय (Chief Justice DK Upadhyaya) की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि भारतीय कुश्ती संघ का फैसला प्रतिशोधी था। उच्च न्यायालय ने कहा था कि विनेश फोगाट मातृत्व अवकाश की वजह से भारतीय कुश्ती संघ के चयन नीति का मानदंड पूरा नहीं कर सकी। कोर्ट ने कहा था कि मातृत्व फोगाट जैसी किसी महिला को बाहर करने की वजह नहीं हो सकती है। उच्च न्यायालय ने विनेश फोगाट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए भारतीय कुश्ती संघ की आलोचना करते हुए कहा था कि ये नोटिस प्रतिशोध की भावना से प्रेरित था। उच्च न्यायालय ने कहा था कि कारण बताओ नोटिस में भारतीय कुश्ती संघ की भाषा ठीक नहीं थी और इससे बचा जा सकता था।
दरअसल, विनेश फोगाट ने उच्च न्यायालय के सिंगल बेंच के फैसले को डिवीजन बेंच में चुनौती दी थी। सिंगल बेंच ने 18 मई को विनेश फोगाट को कोई भी राहत देने से इनकार कर दिया था। भारतीय कुश्ती संघ ने विनेश फोगाट को सेलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने से मना कर दिया था। भारतीय कुश्ती संघ का कहना था कि ये सेलेक्शन ट्रायल केवल 2025 के सीनियर नेशनल चैंपियनशिप, 2026 के फेडरेशन कप और अंडर-20 नेशनल चैंपियनशिप के विजेताओं के लिए है। फोगाट ने इन तीनों की स्पर्धाओं में जीत हासिल नहीं की थी। फोगाट ने 2024 के ओलंपिक के बाद अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी। बाद में वो दिसंबर, 2025 में कुश्ती खेलने के लिए वापस आ गयी।


