
100 किमी की रफ्तार से आएगा आंधी तूफान, यूपी-112 से लोगों को किया जा रहा सतर्क
हमीरपुर : (Hamirpur) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले (Hamirpur district of Uttar Pradesh) में आगामी दिनों में खराब मौसम, तेज आंधी, वज्रपात एवं ओलावृष्टि की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन (District Disaster Management Authority) प्राधिकरण पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।
एडीएम फाइनेंस राकेश कुमार (Rakesh Kumar) ने शुक्रवार को बताया कि प्राप्त चेतावनी के अनुसार 29 से 30 मई 2026 के मध्य रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अत्यंत भयंकर आंधी चलने तथा 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक तेज झोंके आने की संभावना है। मौसम विभाग (Meteorological Department) ने भारी मेघगर्जन, आकाशीय बिजली एवं तीव्र ओलावृष्टि को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। विद्युत, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजनाे से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स एवं कमजोर संरचनाओं के आसपास खड़े होने से बचें। नागरिकों से विद्युत उपकरणों के प्रयोग (using electrical appliances) में सावधानी बरतने तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि खुले में रखे अनाज एवं कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थानों पर रखें अथवा तिरपाल से ढक दें। पशुपालकों से मवेशियों को सुरक्षित शेड में रखने एवं खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल टोल-फ्री नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।


