
सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,630 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी ऊपरी स्तर से 518 अंक की गिरावट
नई दिल्ली : (New Delhi) अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और मुनाफा वसूली के दबाव की वजह से आज का दिन स्टॉक मार्केट के लिए ब्लैक फ्राइडे (Black Friday” for the stock market) बन गया। चौतरफा बिकवाली के दबाव में घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) ने जोरदार गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया। आज के कारोबार की मिली-जुली शुरुआत हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी (Sensex and Nifty) दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी भी आई, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद से बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ता चला गया।
शाम तीन बजे के करीब शुरू हुई चौतरफा मुनाफा वसूली की वजह से दोनों सूचकांकों की चाल में जोरदार गिरावट आ गई। सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 1,630 अंक गिर गया। इसी तरह निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 518 अंक तक की गिरावट का शिकार हो गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.44 प्रतिशत और निफ्टी 1.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान (most sectoral indices closed in the red) में बंद हुए। आज के कारोबार में पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस और मेटल सेक्टर के शेयरों में जम कर बिकवाली हुई। इसी तरह हेल्थकेयर, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर में हुई खरीदारी के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.60 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होने में सफल रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई जोरदार गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन (market capitalization)आज के कारोबार के बाद घट कर 464.98 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 470.15 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.17 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई (BSE) में 4,463 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,670 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,599 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 194 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई (NSE) में आज 3,006 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 925 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,081 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से पांच शेयर हरे निशान में और 45 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 120.71 अंक की मजबूती के साथ 75,988.51 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 352.22 अंक उछल कर 76,220.02 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स नीचे फिसलने लगा।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले दिन के ऊपरी स्तर से 1,630.91 अंक टूट कर 1,278.69 अंक की गिरावट के साथ 74,589.11 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 186.63 अंक की रिकवरी कर 1,092.06 अंक की कमजोरी के साथ 74,775.74 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी में आज पांच अंक की मामूली गिरावट के साथ 23,902.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू होने आने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 95.65 अंक की उछाल के साथ 24,002.80 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिक्री शुरू हो गई।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 518.05 अंक लुढ़क कर 422.40 अंक की कमजोरी के साथ 23,484.75 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी निचले स्तर से 63 अंक सुधर कर 359.40 अंक की गिरावट के साथ 23,547.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 1.94 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.60 प्रतिशत, विप्रो 1.32 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 0.72 प्रतिशत और इंफोसिस 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंटर ग्लोब एविएशन 3.61 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 3.26 प्रतिशत, बजाज ऑटो 3.22 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 3.20 प्रतिशत और ओएनजीसी 3.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।


