नई दिल्ली : केरल में डॉ. वंदना दास की निर्मम हत्या के मद्देनजर फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्ड़ा) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। गुरुवार को भेजे अपने पत्र में फोर्डा ने डॉ. वंदना दास के हत्यारे को सख्त सजा के साथ देने के साथ उसके परिवार को उचित मुआवजा भी देने की मांग की है।
फोर्डा ने देश में डॉक्टरों पर हमले को रोकने के लिए कई सालों से लंबित पड़े हेल्थकेयर प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने की मांग की। फोर्डा के अध्यक्ष अविरल माथुर ने चिंता जताते हुए कहा कि देश में डॉक्टरों हिंसा के शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला केरल से जहां डॉ. वंदना दास की सरेआम हत्या कर दी गई। जब डॉक्टर सुरक्षित नहीं होगा तो कैसे वे अपनी जिम्मेदारियों को बिना डरे पूरी करेगा। इसलिए सरकार से चिकित्सकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाने की मांग की गई है।
फोर्डा ने डॉ. वंदना दास की हत्या के विरोध में सभी डॉक्टर से एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी लगाकर अपनी ड्यूटी करने की अपील की। इसके साथ चिकित्सकों को कैंडल लाइट मार्च निकालने और मौन व्रत करने की भी अपील की।


