
नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली सरकार (Delhi government) ने वित्त एवं लेखा विभाग (Finance and Accounts Department) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत 52 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। इनमें 23 डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स और 29 सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर शामिल हैं। इसके अलावा विभाग में 19 सीनियर अकाउंट्स अधिकारियों को पदोन्नति देकर डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स (Deputy Controller of Accounts) बनाया गया है।
पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर
सरकार के अनुसार, यह फैसला प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) के निर्देशानुसार किए गए ये तबादले और नियुक्तियां पूरी तरह प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई हैं।कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए 23 डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स और 29 सीनियर अकाउंट्स अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार का मानना है कि इससे विभागीय कामकाज में नई ऊर्जा और दक्षता आएगी।
‘लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही, दक्षता और सुशासन के उच्चतम मानकों पर खरी उतरे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। वित्त एवं लेखा विभाग में किया गया यह फेरबदल इसी सोच का हिस्सा है।सरकार का मानना है कि समयबद्ध निर्णय, प्रभावी वित्तीय प्रबंधन और जवाबदेह प्रशासन से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इससे आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी और कुशल तरीके से मिल सकेगा।
नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल ज्वाइनिंग के निर्देश
प्रशासनिक आदेश के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस बदलाव से विभागीय कार्यों में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।



