
इंडस्ट्री में जेंडर बायस पर खुलकर बोलीं कृति
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन (Bollywood actress Kriti Sanon) ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं और पुरुषों के साथ होने वाले अलग-अलग व्यवहार पर खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि आज भी कई जगहों पर महिला कलाकारों को पुरुष अभिनेताओं की तुलना में अलग नजरिए से देखा जाता है। कृति का मानना है कि कई बार महिला कलाकारों को हल्के में लिया जाता है, जबकि पुरुष सितारों के सामने लोग अधिक सतर्क और संकोच में रहते हैं।
हाल ही में लिली सिंह के यूट्यूब चैनल (Lilly Singh’s YouTube channel) पर बातचीत के दौरान कृति सेनन ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हुए उन्हें कई बार जेंडर बायस का सामना करना पड़ा है। कृति ने कहा कि इस सोच में बदलाव आना जरूरी है, ताकि महिला और पुरुष कलाकारों के साथ समान व्यवहार किया जा सके।कृति ने बताया कि उन्होंने मॉडलिंग, इंजीनियरिंग और फिल्म इंडस्ट्री तीनों क्षेत्रों में काम किया है, लेकिन सबसे ज्यादा चुनौतियों का सामना उन्हें बॉलीवुड में करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने करियर की शुरुआत की थी, तब ज्यादातर फिल्मों में पुरुष कलाकारों को ही मुख्य भूमिका मिलती थी, जबकि महिलाओं के किरदार अक्सर हीरो की गर्लफ्रेंड तक सीमित रहते थे। हालांकि अब हालात पहले से बेहतर हुए हैं, लेकिन आज भी कई स्तरों पर महिलाओं के साथ अलग व्यवहार किया जाता है।
कृति सेनन ने कहा कि वह अपने किरदार और दृश्यों को बेहतर समझने के लिए सवाल पूछती हैं, ताकि काम और प्रभावशाली हो सके। लेकिन जब कोई महिला कलाकार ऐसा करती है तो अक्सर उसे ज्यादा सवाल पूछने वाली या मुश्किल माना जाता है। वहीं, अगर यही सवाल कोई पुरुष अभिनेता पूछे तो उसकी सराहना की जाती है और उसे अपने काम के प्रति गंभीर समझा जाता है।
उन्होंने बताया कि उनके साथ भी कई बार ऐसा हुआ है। जब उन्होंने किसी सीन या किरदार को लेकर सवाल किए, तो उन्हें कहा गया कि “इतना मत सोचो”, जबकि वही बात किसी मेल स्टार ने कही तो उसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया।
कृति ने कहा कि फिल्म सेट पर कई बार पुरुष कलाकारों को बेहतर कमरे या गाड़ियां उपलब्ध कराई जाती हैं। हालांकि उन्हें इन सुविधाओं से कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, लेकिन उन्हें तब बुरा लगता है जब महिला कलाकारों को कम अहमियत दी जाती है। उनका मानना है कि किसी भी कलाकार को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसकी वैल्यू कम है।
अभिनेत्री ने कहा कि कई बार असिस्टेंट डायरेक्टर और अन्य टीम सदस्य (assistant directors and other team members) मेल स्टार्स के साथ ज्यादा सावधानी से पेश आते हैं, क्योंकि वे उनसे अधिक संकोच या दबाव महसूस करते हैं। वहीं, फीमेल स्टार्स को अक्सर हल्के में लिया जाता है। कृति के अनुसार, यह मानसिकता बदलनी चाहिए और सभी कलाकारों को समान सम्मान मिलना चाहिए।वर्क फ्रंट की बात करें तो कृति सेनन हाल ही में फिल्म ‘कॉकटेल 2’ (Cocktail 2) में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया था। फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना (Shahid Kapoor and Rashmika Mandanna) भी मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला प्रतिसाद मिला और इसने दुनियाभर में करीब 137 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिलहाल कृति ने अपने अगले प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।



