नागौर:(Nagaur) राणासर के पास हनुमानगढ़-किशनगढ मेगा हाइवे पर किसान नगर में सोमवार देर रात अज्ञात वाहन ने तीन बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इससे दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही कुचामन सीआई सुरेश कुमार मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद देर रात डीडवाना जिले के एसपी प्रवीण नायक, सीओ विकास भी घटना स्थल पर पहुंचे।
यहां पुलिस को हाइवे किनारे दो युवकों के शव मिट्टी में पड़े मिले और बाइक दुर्घटनाग्रस्त पड़ी मिली। मृतकों की पहचान मकराना थाना क्षेत्र के बिदियाद गांव निवासी राजू और चुन्नीलाल के रूप में हुई है, वहीं कसना राम को गंभीर अवस्था में राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन पहुंचाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीन युवक मौलासर में चल रहे मेला देखकर वापस लौट रहे थे। इस दौरान राणासर के पास बोलेरो कैम्पर सहित एक अन्य वाहन सवार बदमाशों ने बाइक को टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने बताया कि हाइवे पर दो बड़ी गाड़ियां तेजी से बार बार एक ही जगह घूमती नजर आई, लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर आए तब तक गाड़ियां मौके से भाग चुकी थी। पुलिस ने अज्ञात वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से वाहनों के टायरों के निशान भी मिले हैं। वाहनों की भीषण टक्कर से दोनों मृतकों के हाथ पांव शरीर से अलग हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर सबसे पहले पहुंचे, फिर ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


