spot_img

Mumbai : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब, सातारा में पैतृक घर पर कर रहे हैं आराम

15 अगस्त के बाद अस्पताल में होंगे भर्ती : संजय शिरसाट

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत बेहद खराब बताई जा रही है। फिलहाल वह सातारा स्थित अपने पैतृक घर पर आराम कर रहे हैं। यह जानकारी शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने शनिवार को मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि शिंदे की तबीयत खराब है लेकिन वह अस्पताल में भर्ती नहीं हो रहे हैं। हम उन्हें 15 अगस्त के बाद जबरन अस्पताल में भर्ती कराएंगे।

संजय शिरसाट ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 24 घंटे काम करते हैं। यह बात महाराष्ट्र के लोग जानते हैं। हम सभी विधायकों ने उनसे डॉक्टर के पास जाने का अनुरोध किया है। 15 अगस्त के बाद हम उन्हें जबरन अस्पताल भेजेंगे। उनकी तबीयत इतनी खराब है कि आप इसका अंदाजा भी नहीं लगा सकते। संजय शिरसाट के इस वक्तव्य के बाद मुख्यमंत्री शिंदे के स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को पुणे में चांदनी चौक फ्लाईओवर के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शामिल होने वाले थे लेकिन दो दिन पहले ही सीएम शिंदे अचानक सातारा स्थित अपने पैतृक गांव दरे चले गए थे। बताया जा रहा था कि सीएम शिंदे आज पुणे के कार्यक्रम में आनलाइन उपस्थित रहेंगे लेकिन जब कार्यक्रम में वह आनलाइन उपस्थित नहीं हुए, तब सीएम शिंदे के बारे में तरह तरह की चर्चाएं होने लगीं। इसके बाद शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने सीएम शिंदे की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मीडिया के साथ साझा की।

Explore our articles