spot_img

Mumbai : ‘बड़ी रैली में जाम तो लगेगा ही’

Mumbai: 'Traffic Jams Are Inevitable During Large Rallies'

ट्रैफिक जाम मामले में मंत्री गिरीश महाजन का सफाईनामा
मुंबई : (Mumbai)
वर्ली इलाके में महिला आरक्षण बिल (Women’s Reservation Bill) के समर्थन में आयोजित भाजपा की रैली के दौरान एक महिला और मंत्री गिरीश महाजन (Minister Girish Mahajan) के बीच हुई तीखी बहस का मामला अब गरमा गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को मंत्री ने अपना पक्ष रखते हुए घटना पर सफाई दी, जिसमें उन्होंने महिला के गुस्से को जायज तो बताया, लेकिन उनके व्यवहार पर सवाल भी उठाए। गिरीश महाजन ने बताया कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के विरोध में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में आयोजित किया गया था, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि बड़े आंदोलनों के दौरान सड़क पर यातायात प्रभावित होना और लोगों को असुविधा होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, “जब हम कोई बड़ा मार्च निकालते हैं, तो थोड़ी परेशानी तो होती ही है। इतिहास में भी ऐसे कई बड़े आंदोलन हुए हैं जो कई दिनों तक चले थे।”

मंत्री महाजन ने क्या कहा?
महाजन ने कहा कि ट्रैफिक जाम की बात सही है, लेकिन महिला का व्यवहार उचित नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों पर बोतलें फेंकी। उन्होंने यह भी दावा किया कि महिला ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी गलत व्यवहार किया। भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, “मैं समझता हूं कि वह अपने बच्चे को लेने की जल्दी में थी, और उसका गुस्सा कुछ हद तक जायज है। मैंने खुद उस महिला को भरोसा दिलाया था कि हम अगले 10 मिनट में रास्ता साफ कर देंगे। मैंने उन्हें हुई असुविधा के लिए व्यक्तिगत रूप से माफी भी मांगी थी। मुझे नहीं लगता कि उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।” मंत्री महाजन के अनुसार, इस मोर्चे में करीब 15 से 20 हजार महिलाएं शामिल थीं। महाजन ने वीआईपी कल्चर के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन की अनुमति पहले ही ली गई थी।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मंगलवार को भाजपा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष को घेरने के लिए रैली निकाली थी। इससे सड़क पर जाम लग गया। उसी समय एक महिला वहां पहुंची और चिल्लाने लगी कि आप लोग यहां से हटिए आपकी वजह से जाम लगा है। महिला ने सवाल उठाया कि इस तरह के प्रदर्शन किसी खुले मैदान में क्यों नहीं किए जाते। महिला के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने बीच बचाव करने की कोशिश की लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी।

कांग्रेस का हमला
इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए महिलाओं को गुमराह कर रही है और आम जनता को परेशान कर रही है। दूसरी तरफ महाजन ने कहा कि छोटे कार्यक्रमों और इतने बड़े मोर्चे की तुलना करना गलत है क्योंकि हजारों लोगों के आने पर व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण होता है।

Explore our articles