spot_img

Mumbai: कोर्ट ने पुलिस को पृथ्वी शॉ के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप की जांच करने का दिया निर्देश

मुंबई: (Mumbai) मुंबई की एक अदालत (Mumbai court) ने बुधवार को पुलिस को 2023 में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ सोशल मीडिया प्रभावकार सपना गिल की छेड़छाड़ की शिकायत की जांच करने का निर्देश दिया। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एससी तायडे ने पुलिस को 19 जून तक जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

सपना की याचिका ख़ारिज
अदालत ने सपना की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपनी शिकायत पर शॉ और अन्य के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज नहीं करने के लिए पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शॉ ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। सपना ने आरोप लगाया था कि शॉ ने उपनगरीय अंधेरी के एक पब में उनके साथ छेड़छाड़ की थी।

सपना को फरवरी, 2023 में कुछ अन्य लोगों के साथ एक उपनगरीय होटल में सेल्फी लेने को लेकर हुई बहस के बाद शॉ पर हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। जमानत मिलने के बाद सपना ने शॉ, उसके दोस्त आशीष यादव और अन्य के खिलाफ कथित छेड़छाड़ और शीलभंग की शिकायत लेकर अंधेरी के एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया था। बाद में जब पुलिस ने क्रिकेटर के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया तो वह मजिस्ट्रेट अदालत में चली गईं।

Explore our articles