मथुरा : मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ऑफिस में शुक्रवार को अमोनियम क्लोराइड से भरे दो सिलेंडर लीक हो गए। ऑफिस के बगल में बने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छह छात्राएं इसकी चपेट में अस गईं जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल में छात्राओं का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर फायर ब्रिगेड और इंडियन ऑयल रिफाइनरी की टीमों ने पहुंचकर रिसाव को कंट्रोल किया।
करीब 20 साल पहले सीएमओ ऑफिस के पास स्थित पंप हाउस से जिला अस्पताल को पानी की सप्लाई होती थी। जिला अस्पताल में पंप हाउस बना तो यहां से सप्लाई बंद हो गई। तभी से पंप हाउस बंद पड़ा है। इसमें अमोनियम क्लोराइड के 100-100 किलो से भरे दो सिलेंडर रखे हुए थे। कई वर्षों से किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया। इससे नर्सिंग छात्रावास में पढ़ने वाली आधा दर्जन छात्राएं बेहोश हो गईं। जानकारी होने पर सीएमओ ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन दमकल टीम मौके पर पहुंची और गैस रिसाव रोकने के प्रयास में जुट गई। करीब एक घंटे की मश्क्कत के बाद गैस रिसाव रोका जा सका।
सीएमओ एके वर्मा ने बताया कि 11 बजे सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हुआ। जानकारी मिलने पर दमकल और आईओसीएल की टीम को सूचना दी गई। इसके बाद रिसाव को रोका जा सका है। इसकी चपेट में आने कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई,जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


