कुल्लू : जिला कुल्लू के बंजार की तीर्थन नदी में लापता हुई महिला और मणिकर्ण घाटी से लापता हुए युवक की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सर्च टीमों का गठन किया गया है। बंजार में महिला की तलाश के लिए करीब 100 कर्मी जुटेंगे। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ भी सर्च अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। लापता हुए ये दोनों पर्यटक हैं। बंजार स्थित ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के हिप्पो वाटर फाल में कर्नाटक की महिला किरण बापना (45) बह गई थी। पिछले 3 दिनों से महिला को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन सफलता हाथ नहीं लग पाई है।
डीआईजी मधु सूदन शर्मा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि महिला को ढूंढने के प्रयास जारी है। दोपहर बाद हर दिन बारिश होने के कारण सर्च ऑपरेशन प्रभावित हुआ है। बंजार से लापता हुई महिला की तलाश के लिए डीएसपी शेर सिंह के नेतृत्व में सर्च टीम गठित की गई है जिसमें करीब 100 सदस्य शामिल हैं। उम्मीद है महिला का सुराग मिल जाएगा।
उन्होंने कहा कि मणिकर्ण घाटी के ग्राहन से 29 मई को अक्षय सेठी निवासी महाराष्ट्र लापता हो गया जिसकी तलाश भी जारी है। युवक की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर की भी सहायता ली जा चुकी है लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं मिला है।
शर्मा ने कहा मणिकर्ण से लापता हुए युवक की तलाश के लिए एएसपी अशीष शर्मा की देखरेख में सर्च टीम गठित की गई है। लापता हुए युवक की तलाश के लिए युवक की मां कुल्लू में ही है ओर जगह जगह तलाश कर रही है।
डीआईजी ने कहा जिला कुल्लू से पिछले 11 साल में 113 लोग लापता हुए हैं जिनमें से 93 लोगों को ट्रेस कर लिया है लेकिन 20 लोगों का आज भी कोई सुराग नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कुल्लू घाटी के नदी नाले भले ही छोटे दिखते हैं लेकिन इनकी तीव्रता अधिक है। पर्यटक सेल्फी ओर फोटो के चक्कर में अपनी जान गवां देते हैं। उन्होंने कहा लोगों के जान माल की रक्षा के लिए अति संवेदनशील है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि पर्यटकों को नदी नालों की तरफ न जाने दें। यही नहीं अगर लापता हुए लोगों के बारे में कोई भी जानकारी हो तो हमें सूचित करें उनका नाम गुप्त रखा जाएगा।


