कोलकाता : (Kolkata) दक्षिण 24 परगना के महेश्तला में बुधवार को हुए दो समुदायों के बीच हिंसक टकराव के बाद गुरुवार सुबह भी माहौल तनावपुर लेकिन नियंत्रण में है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की है।
गुरुवार सुबह से ही पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है। थाने और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पुलिस की ओर से माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
अब तक इस मामले में 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक तीन एफआईआर दर्ज की हैं। रबींद्रनगर थाने के अलावा नदियाल थाने में भी कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। गुरुवार सुबह बाजार और दुकानें आंशिक रूप से खुली थीं, लेकिन आम जनजीवन अब भी प्रभावित है। सड़कें सुनसान हैं और लोग घरों से निकलने में झिझक रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम को दक्षिण 24 परगना के महेशतला स्थित रबींद्रनगर इलाके (Rabindranagar area of Maheshtala in South 24 Parganas) में दो समुदायों के बीच जमकर संघर्ष हुआ था। रबींद्रनगर थाने के सामने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। उपद्रवियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके और थाने के पास खड़ी एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्थिति को पूरी तरह काबू में लाने तक निगरानी और गश्त जारी रहेगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि क्षेत्र में दोबारा किसी प्रकार की हिंसा न भड़के।


