
मुंबई : (Mumbai) साल 1993 की चर्चित फिल्म ‘खलनायक’ का लोकप्रिय किरदार ‘बल्लू’ (character ‘Ballu’ from the acclaimed 1993 film Khalnayak)अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रहा है। अभिनेता संजय दत्त (actor Sanjay Dutt) ने हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी नई फिल्म ‘खलनायक रिटर्न्स’ (Khalnayak Returns) की आधिकारिक घोषणा की। इस फिल्म को मूल फिल्म का नया रूप बताया जा रहा है, जिसने 90 के दशक में दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई थी।
संजय दत्त ने बताया कि उनकी कंपनी थ्री डायमेंशन मोशन पिक्चर्स और अक्षा कंबोज की एस्पेक्ट एंटरटेनमेंट ने मिलकर फिल्मकार सुभाष घई और उनकी कंपनी मुक्ता आर्ट्स (Subhash Ghai and his banner, Mukta Arts) से फिल्म के अधिकार हासिल किए हैं। कार्यक्रम में फिल्म का एक छोटा टीज़र भी दिखाया गया, जिसमें संजय दत्त अपने मशहूर किरदार ‘बल्लू’ के नए और दमदार अंदाज में नजर आए। इस मौके पर अभिनेता ने सुभाष घई को फिल्म की विरासत के लिए धन्यवाद भी दिया।
अभिनेता ने खुलासा किया कि उन्हें इस फिल्म का विचार उस समय आया था जब वह जेल में सजा काट रहे थे। उन्होंने बताया कि वहां उन्होंने कई कैदियों से पूछा था कि क्या वे ‘खलनायक’ की वापसी देखना चाहेंगे। संजय के मुताबिक, हजारों कैदियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने उन्हें इस कहानी को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। बाद में उन्होंने यह विचार सुभाष घई के साथ शेयर किया, जिन्होंने इसे आगे बढ़ाने का समर्थन किया।
फिलहाल निर्माताओं ने यह साफ नहीं किया है कि ‘खलनायक रिटर्न्स’ मूल फिल्म का सीधा सीक्वल होगी या फिर उसकी नई कल्पना के रूप में सामने आएगी। फिल्म की कहानी को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। संजय दत्त ने इस परियोजना के रचनात्मक निर्देशन के लिए ज्योति देशपांडे (Jyoti Deshpande) को भी साथ जोड़ा है। फिल्म की घोषणा के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है।


