जयपुर : राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के बैनर तले बुधवार को राजस्थान में लंबित भर्ती परीक्षाओं के परिणाम को लेकर बेरोजगार 1111 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कर्मचारी चयन आयोग मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान बेरोजगारों ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द लंबित भर्ती परीक्षाओं का परिणाम जारी कर नई भर्ती का कैलेंडर जारी करें। अगर सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो आने वाले समय में प्रदेशभर के बेरोजगार सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। इसका नुकसान सरकार को आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार जयपुर के दुर्गापुरा स्थित कर्मचारी चयन बोर्ड मुख्यालय पर बुधवार सुबह राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व में सैंकडों युवा 1111 फीट लंबा ज्ञापन कर्मचारी चयन आयोग मुख्यालय पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे तक प्रदेशभर के युवा बेरोजगारों ने कर्मचारी आयोग मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।इसके बाद कर्मचारी चयन बोर्ड आयोग के सचिव अधिकारी सुनील पूनिया को बेरोजगारों ने अपना मांग पत्र सौंपा। बेरोजगारों ने 1111 फीट लंबे ज्ञापन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का भी दावा किया।


