अवैध रेलवे टिकट बेचने वाले दलालों को किया गिरफ्तार
गुवाहाटी : पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने 04 से 8 मई को पूसीरे के विभिन्न ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर जारी जांच अभियान के दौरान 10 नाबालिग और एक व्यक्ति को उद्धार किया। इस दौरान रेसुब ने 02 दलालों को भी पकड़ा, जो अवैध रूप से रेलवे टिकटों की बिक्री में लिप्त थे। गढ़बनैली स्टेशन से 4 तत्काल टिकट, जिसका मूल्य 14,200 रुपये और किशनगंज स्टेशन से 01 तत्काल टिकट, जिसका मूल्य 4,260 रुपये है, बरामद किया गया।
पूसीरे के सीपीआरओ ने आज (मंगलवार) बताया है कि 04 से 8 मई तक रंगिया, गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी, डिमापुर, धर्मनगर और न्यू हाफलोंग स्टेशनों के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाए गया। अभियान के दौरान पूसीरे की रेसुब ने घर से भागे हुए 10 नाबालिगों (04 लड़कियों/06 लड़कों) और 01 लापता पुरुष को उद्धार किया। बाद में सभी उद्धार नाबालिगों और पुरुष को मानदंड के अनुसार उचित सत्यापन के बाद परिवार के सदस्यों और सुरक्षित अभिरक्षा के लिए संबंधित चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।
वहीं 08 मई को किशनगंज के रेसुब ने किशनगंज रेलवे स्टेशन के यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) में दलाली गतिविधियों के खिलाफ एक अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने रुधाशा, किशनगंज (बिहार) के रहने वाले सरफराज अहमद नामक एक व्यक्ति को देखा, जो पीआरएस काउंटर से तत्काल टिकट खरीद कर अन्य ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेच रहा था। बाद में, उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से 4260 रुपये मूल्य का एक तत्काल टिकट बरामद किया गया। बाद में बरामद रेल टिकट को जब्त करके उस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया और रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया।


