spot_img

Fatehabad : बैंक लोन विवाद, कोठी पर कब्जा लेने गई टीम बैरंग लौटी

फतेहाबाद : शहर की अग्रवाल कॉलोनी में लोन न भरने पर कोठी पर कब्जा लेने पहुंची बैंक अधिकारियों की टीम को बैरंग वापस लौटा पड़ा। बैंक अधिकारियों के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार राजेश गर्ग के नेतृत्व में काफी संख्या में पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। मंगलवार दोपहर को जैसे ही टीम कोठी के बाहर पहुंची तो मकान मालिकों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे मकान मालिक के वकील और बैंक अधिकारियों में कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ। बाद में वकील ने बैंक अधिकारियों व नायब तहसीलदार को अवगत करवाया कि इस मामले में कोर्ट में स्टे लिया हुआ है, जिसके बाद सारे कागजात को दोबारा चेक किए गए। इस दौरान यह साफ नहीं हो पाया कि स्टे इसी प्रॉपर्टी का है या किसी अन्य का। जिस पर नायब तहसीलदार ने मकान मालिक को सारे कागजात पेश करने को कहा और आज की कार्रवाई को यहीं रोक दिया गया।

मकान मालिक निशांत ने बताया कि कुछ समय पहले अनाज मंडी के एक व्यापारी से उन्होंने 78 लाख रुपए में कोठी ली थी। उन्हें बताया गया कि इस पर 50 लाख रुपए का बैंक लोन है, जो वह क्लीयर कर देगा और उन्होंने 28 लाख रुपए उसे दे दिए थे। बाद में उन्हें पता चला कि लोन चुकता नहीं किया गया है, जिसके बाद उन्होंने इस पर कोर्ट से स्टे ले लिया था। मंगलवार काे बैंक अधिकारी प्रशासनिक अमले के साथ कोठी पर कब्जा कार्रवाई के लिए पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उन्हें मकान का लोन चुकता न करके उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिस पर उन्होंने व्यापारी विक्रेता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी कुछ माह पहले दर्ज करवाया था। अभी तक पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया बल्कि उनका मकान खाली करवाने प्रशासन पहुंच गया। वकील द्वारा कुछ कागजात दिखाने पर टीम एक बार बैरंग वापस लौट गई।

Explore our articles