spot_img

Bhopal : एमपी टूरिज्म का एक्सपर्ट शॉट 22 जून को, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ से सीखेंगे फिल्म मेकिंग के गुर

  • प्रदेश में फिल्मांकन संभावनाओं एवं अवसरों पर होगा मंथन

भोपाल, : फिल्म एवं थियेटर से जुड़े कलाकार और विद्यार्थी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध विशेषज्ञों से फिल्म मेकिंग के गुर सीखेंगे। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 22 जून को सुबह 11 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में एक्सपर्ट शॉट 3.0 का आयोजन किया जाएगा। एक्सपर्ट शॉट 3.0 का लाइव एमपी टूरिज्म के यूट्यूब पेज पर किया जाएगा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में फिल्म शूटिंग, अधोसंरचना विकास में निवेश एवं स्थानीय कलाकारों की भागीदारी के अवसरों को तलाशने के लिए विशेषज्ञों का फैमिलियराइजेशन टूर (परिचय यात्रा) और वर्कशॉप भी की जायेगी। यह जानकारी मंगलवार को पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव एवं टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने दी।

फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध विशेषज्ञ, प्रोड्यूसर और एक्टर्स होंगे शामिल

उन्होंने बताया कि एक्सपर्ट शॉट के लिए प्रसिद्ध प्रोड्यूसर एवं एक्टर वाणी त्रिपाठी टीकू, मैजिक अवर फिल्म्स मुंबई के प्रोड्यूसर समीर सरकार, जी स्टूडियो मुंबई के हेड ऑफ प्रोडक्शन एडं कमर्शियल्स सुमित खुराना, जियो स्टूडियो मुंबई की कन्टेंट अलाएंस हेड शोभा संत, वन एच मीडिया कंसल्टेंट मुंबई की फाउंडर हेमलता उपाध्याय, सोनी पिक्चर्स इंटरटेनमेंट मुंबई के प्रोडक्शन हेड धैर्यशील निम्बाल्कर, गुरु फिल्म्स से फिल्म प्रोड्यूसर (तेलुगु) सुनीता टाटी, लायंसगेट इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट (ओरिजनल्स) मृणालिनी खन्ना, नेटफ्लिक्स के डायरेक्टर (प्रोडक्शन मैनेजमेंट) पार्थ अरोड़ा, जुगाड़ मोशन पिक्चर्स के प्रोड्यूसर एवं फाउंडर धीर मोमाया विशेष रूप से भोपाल आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भोपाल आ रहे सभी विशेषज्ञ, प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और एक्टर्स 21 जून को मध्य प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाएँ के साथ ही अधोसंरचना विकास हेतु निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। सभी अतिथिगण जनजातीय संग्रहालय और सांची का भ्रमण भी करेंगे।

फिल्म क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों को देंगे मार्गदर्शन

टूरिज्म बोर्ड के उप संचालक (फिल्म्स) युवराज पडोले ने बताया कि 22 जून को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में ‘एक्सपर्ट शॉट सेशन’ होगा। सेशन में विशेषज्ञों द्वारा जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय और प्रदेश के नाट्य विद्यालयों में फिल्म निर्माण कोर्स कर रहे विद्यार्थी, फिल्म एवं थियेटर से जुड़े कलाकारों को फिल्म इंडस्ट्री में संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा। दोनों ही दिन कार्यक्रमों में बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय एवं एमपीएसटीडीसी के प्रबंध संचालक कौशलेंद्र विक्रम सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

Explore our articles