
मुंबई : (Mumbai) अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त रहने वाले अभिनेता ने फिलहाल काम से छोटा ब्रेक लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार की हाल ही में आंखों की एक छोटी विजन करेक्शन सर्जरी हुई है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। अभिनेता फिलहाल अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं और जल्द ही काम पर वापसी करेंगे।
बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार ने अपनी आगामी फिल्म केरलम का शूटिंग शेड्यूल पूरा करने के तुरंत बाद मुंबई में यह सर्जरी करवाई। यह फिल्म अनीस बज्मी के निर्देशन (directed by Anees Bazmee) में बन रही है। लंबे समय से लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त अक्षय ने डॉक्टरों की सलाह के बाद कुछ समय के लिए काम से दूरी बनाने का फैसला किया है।
एक दिन पहले ही अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग पूरी होने की जानकारी साझा की थी। उन्होंने सेट से एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वह विद्या बालन और राशि खन्ना (Vidya Balan and Raashii Khanna) के साथ नजर आए। अब अभिनेता कुछ दिनों तक आराम करेंगे और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद अपनी फिल्मों की शूटिंग दोबारा शुरू करेंगे।


