सीकर : स्थानीय मेडिकल कॉलेज हास्टल के पिछवाड़े मंगलवार तड़के एक प्रथम वर्ष में अध्ययनरत छात्र का शव मिला। शव के पास मिले खून के धब्बों से प्रारंभिक तौर पर पुलिस मामला संदिग्ध मान रही है। पुलिस अधीक्षक करन शर्मा ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट व फोरेन्सिस जांच के बाद मामला खुल सकता है। पुलिस ने रेगिंग की संभावना से भी इंकार नहीं किया है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे ऐ प्रोफेसर के मोर्निंग वाक पर निकलते मेडिकल कॉलेज के बालक छात्रावास के पीछे छात्र का शव देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर श्रीकल्याण अस्पताल की मोर्चरी में रखवा परिजनों को सूचित किया। मृतक छात्र बांसवाड़ा जिला निवासी हनिमेश खांट उम्र 20 वर्ष है। मृतक छात्र 12 जून को ही अवकाश के बाद कालेज लोटा था। उद्योग नगर पुलिस मौके पर सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ साथ कालेज में अध्ययनरत छात्रों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।


