spot_img

Chennai : तमिलनाडु में शराब की 500 खुदरा दुकानें गुरुवार से हो जाएंगी बंद

चेन्नई : तमिलनाडु में शराब की 500 खुदरा दुकानें गुरुवार (22 जून) से बंद हो जाएंगी। राज्य सरकार के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी ने राज्य विधानसभा में गत अप्रैल में इस संबंध में घोषणा की थी। तब उनके पास आबकारी एवं मद्यनिषेध विभाग का अतिरिक्त प्रभार था।

तमिलनाडु राज्य विपणन निगम ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के निर्देश पर विधानसभा में की गई घोषणा के आधार पर यह कदम उठाया गया है। इससे संबंधित शासनादेश 20 अप्रैल को जारी किया जा चुका था। इस शासनादेश में शराब की 500 खुदरा दुकानों की पहचान कर उन्हें बंद करने की बात कही गयी है। इसके तहत 22 जून से प्रदेश में 500 खुदरा दुकानें बंद कर दी जाएंगी।

तमिलनाडु के तत्कालीन आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री एस. मुथुसामी ने मंगलवार को कहा था कि सरकार ने शराब की बिक्री के जरिए पैसा इकट्ठा करने का कोई लक्ष्य नहीं रखा है। सत्तारूढ़ डीएमके ने अपने चुनावी घोषणापत्र में राज्य में शराब की दुकानों को धीरे-धीरे कम करने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि सरकार अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के मंत्री सेंथिल को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था।

Explore our articles