spot_img

Amreli / Ahmedabad : अमरेली में मालगाड़ी की चपेट में आया शेर का परिवार, एक की मौत व दूसरा गंभीर

मालगाड़ी चालक के इमरजेंसी ब्रेक लगाने से बची दो शेरों की जान

दुर्घटना में घायल दूसरे शेर को इलाज के लिए जूनागढ़ भेजा गया

अमरेली/अहमदाबाद : अमरेली के राजुला-पीपावाव क्षेत्र में मालगाड़ी के टक्कर से एक शेर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मालगाड़ी की सतर्कता से कई शेरो की जान बच गई। वनविभाग के कर्मियों ने घायल शेर को जूनागढ़ भेज दिया है।

बताया गया कि राजुला-पीपावाव क्षेत्र में फेंसिंग होने के बावजूद शेर का परिवार रेलवे ट्रैक पर जा रहा था। इसी दौरान एक मालगाड़ी ट्रैक पर आ गई। बताया गया कि मालगाड़ी के चालक ने शेरों को ट्रैक पर देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, लेकिन तब तक दो शेर मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में एक शेर की मौत हो गई, जबकि दूसरा शेर घायल हो गया। अन्य दो शेर बच गए। शेर की मौत की जानकारी मिलने पर वन विभाग का काफिला मौके पर पहुंच गया। विभागीय अधिकारी इस तथ्य का पता लगाने में जुट गए कि दुर्घटना कैसे हुई और किस तरह शेराें का परिवार रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। राजुला रेंज के वन अधिकारी के अनुसार रेलकर्मियों ने दो शेरों को बचा लिया। घायल शेर को जूनागढ़ भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार पीपावाव की मालगाड़ी की चपेट में आने से अब तक कुल 25 शेरों की मौत हो चुकी है। इसके पहले रेलवे ट्रैक की फेंसिंग भी की गई थी, लेकिन ताउते चक्रवात से क्षतिग्रस्त फेंसिंग की मरम्मत नहीं हो सकी।

Explore our articles