
FY26 में रिकॉर्ड 1.35 करोड़ नए पेंशनधारक जुड़े
नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा पहल अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana) (APY) ने बड़ा मील का पत्थर हासिल करते हुए 21 अप्रैल 2026 तक कुल 9 करोड़ से अधिक अभिदाताओं का आंकड़ा पार कर लिया है। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) (Pension Fund Regulatory and Development Authority) द्वारा संचालित इस योजना में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ही 1.35 करोड़ से अधिक नए नामांकन दर्ज किए गए, जो इसकी शुरुआत (2015) के बाद किसी एक वित्तीय वर्ष में अब तक का सर्वाधिक वार्षिक जुड़ाव है।
9 मई 2015 को शुरू की गई यह स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना (voluntary and contributory pension scheme) मुख्यतः असंगठित क्षेत्र, निम्न आय वर्ग और वंचित समुदायों को सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाने के उद्देश्य से लागू की गई थी। पिछले एक दशक में योजना का विस्तार देश के सभी राज्यों और जिलों तक हुआ है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, निजी बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, सहकारी बैंक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समितियां (SLBC/UTLBC), लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) State Level Bankers’ Committees (SLBC/UTLBC), Lead District Managers (LDMs) और डाक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। PFRDA ने भी जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और बहुभाषी प्रचार सामग्री के जरिए योजना की पहुंच बढ़ाने में सक्रिय योगदान दिया है।
1000-5000 रुपये की मासिक पेंशन
योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र भारतीय नागरिक—जो आयकरदाता नहीं हैं—नियमित अंशदान के माध्यम से 60 वर्ष की आयु के बाद 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक की गारंटीकृत मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। योजना में परिवार सुरक्षा का प्रावधान भी शामिल है, जिसके तहत अभिदाता की मृत्यु के बाद जीवनसाथी को समान पेंशन मिलती रहती है और दोनों के निधन के बाद संचित कोष नामित व्यक्ति को लौटाया जाता है।


