spot_img

Mumbai : मुंबई में मिशन प्री-मानसून शुरू

धीरज सिंह
मुंबई : (Mumbai) मुंबई में मानसून की दस्तक से पहले जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शनिवार, 28 मार्च 2026 को मनपा आयुक्त भूषण गगरानी (Municipal Commissioner Bhushan Gagrani) ने प्री-मानसून कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को ‘डेडलाइन’ के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में नालों से गाद निकालने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण मीठी नदी की सफाई रविवार से शुरू की जाएगी। आयुक्त ने निर्देश दिया है कि नालों से निकाली गई सिल्ट को 48 घंटे के भीतर निर्धारित डंपिंग ग्राउंड पर पहुंचाया जाए ताकि वह वापस नालों में न बहे।

ट्रैश बूम तकनीक का पहरा
नदियों और नालों का कचरा समुद्र में जाकर प्रदूषण न फैलाए और पानी के बहाव को न रोके, इसके लिए 14 प्रमुख स्थानों पर ‘ट्रैश बूम’ (‘Trash Booms’) लगाए जाएंगे। ये बूम तैरते हुए कचरे को एक जगह ब्लॉक कर देते हैं, जिसे मशीन की मदद से आसानी से निकाल लिया जाता है। मोगरा, माजस और धारावी जैसे नालों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

एआई और डिजिटल मॉनिटरिंग
इस बार नाला सफाई में पारदर्शिता लाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विशेष वेबसाइट का सहारा लिया जा रहा है। अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर (Additional Commissioner Abhijit Bangar) ने बताया कि एआई सिस्टम के जरिए काम की गुणवत्ता जांची जाएगी। साथ ही, आम जनता और जनप्रतिनिधि वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे कि उनके इलाके के नाले की कितनी सफाई हुई है। अक्सर रेलवे ट्रैक के पास कचरा फंसने से ट्रेनें रुक जाती हैं। इससे बचने के लिए BMC, रेलवे प्रशासन और MMRDA (मेट्रो) के साथ मिलकर काम कर रही है। पटरियों के नीचे बनी पुलियों की सफाई और पानी निकालने के लिए शक्तिशाली पंप लगाने की योजना बनाई गई है ताकि मानसून में परिवहन बाधित न हो।

31 मई की डेडलाइन
स्टॉर्म वॉटर चैनल (बारिश का पानी निकालने वाली नालियां) को चौड़ा करने और उनकी मरम्मत के सभी चल रहे काम 31 मई 2026 तक हर हाल में पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। डिप्टी कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर को सीधे साइट पर जाकर काम का निरीक्षण करने और रिपोर्ट देने को कहा गया है।

Explore our articles