नई दिल्ली : (New Delhi) डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (Differently Abled Cricket Council of India)(डीसीसीआई) ने इंग्लैंड में जून और जुलाई 2025 में होने वाली सात मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय पुरुष मिक्स्ड डिसएबिलिटी टीम की घोषणा कर दी है।
मिक्स्ड डिसएबिलिटी वाइटैलिटी टी20 सीरीज़ का पहला मुकाबला 21 जून 2025 को टॉनटन खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 23 जून को वॉर्म्सली में शुरू होगा। सीरीज़ का समापन 3 जुलाई को ब्रिस्टल में सातवें टी20 मैच के साथ होगा। टीम की कप्तानी अपने क्रिकेट अनुभव, अनुशासन और कुशल नेतृत्व क्षमता के लिए प्रख्यात रविंद्र गोपीनाथ शांते को दी गई है।
टीम की घोषणा पर खुशी जाहिर करते हुए डीसीसीआई के महासचिव रविकांत चौहान ने कहा,“यह सीरीज़ संभावनाओं की नई परिभाषा है, जो डिसएबिलिटी क्रिकेट में नए आयाम स्थापित करेगी। लॉर्ड्स को क्रिकेट का मक्का कहा जाता है और हर क्रिकेटर यहां खेलने के सपने देखता है। हमारे खिलाड़ियों के लिए भी यह इतिहास और गर्व का प्रतीक है। हमें उम्मीद है कि बीसीसीआई हमारी टीम को भी उसी तरह समर्थन देगा जैसे ईसीबी अपनी पैन डिसएबिलिटी टीम को देता आया है।”
संयुक्त सचिव अभय प्रताप सिंह (Joint Secretary Abhay Pratap Singh) ने कहा, “यह सिर्फ एक टीम या प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि खुद को साबित करने का महामंच है।यह डिसेबल खिलाड़ियों का सीधा संदेश है कि समावेशन, दृढ़ संकल्प और एकता क्या हासिल कर सकती है।”
पूर्व राजस्थान रणजी कप्तान व टीम के मुख्य कोच रोहित झलानी (Former Rajasthan Ranji captain and team head coach Rohit Jhalani) ने कहा, “यह टीम किसी भी एलीट स्क्वॉड की तरह प्रतिस्पर्धा करती है। इनका समर्पण और जुनून देखने लायक है, मुझे विश्वास है कि यह टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए पूरी तरह से तैयार है।”
इंग्लैंड दौरे की तैयारी के लिए 7 से 14 जून तक जयपुर में एक राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें शारीरिक फिटनेस, रणनीति और टीम तालमेल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह श्रृंखला भारत की पैन-डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम का अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऐतिहासिक डेब्यू है। इसमें शारीरिक, बधिर और बौद्धिक अक्षमता वाले खिलाड़ी एक साथ शामिल हैं, जो भारत की समावेशी खेल भावना को दर्शाते हैं। यह दौरा इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के सहयोग से आयोजित किया गया है और वैश्विक खेल जगत में उपस्थित दर्ज कराने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कुछ मैच इंग्लैंड के मुख्य क्रिकेट कैलेंडर के प्रमुख मुकाबलों के साथ डबल हेडर के रूप में भी खेले जाएंगे। 1 जुलाई को ब्रिस्टल में छठा टी20 मुकाबला इंग्लैंड महिला बनाम भारत महिला अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ खेला जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण स्काई स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।
भारतीय टीम-रविंद्र गोपीनाथ साने (कप्तान) (पीडी), वीरेंद्र सिंह (उप-कप्तान)(बधिर), राधिका प्रसाद (पीडी), राजेश इरप्पा कन्नूर (पीडी), योगेन्द्र सिंह (विकेटकीपर), नरेंद्र मंगोरे (पीडी), विक्रांत रविंद्र केनी (पीडी)
साई आकाश (बधिर), उमर अशरफ (बधिर), संजू शर्मा (बधिर), अभिषेक सिंह (बधिर), विवेक कुमार (बधिर), विकास गणेशकुमार (आईडी), प्रवीण नैलवाल (आईडी), ऋषभ जैन (आईडी), तरुण (आईडी)
रिज़र्व खिलाड़ी: माजिद मैगर (पीडी), कुलदीप सिंह (बधिर), कृष्णा गौड़ा (बधिर), जितेंद्र नागराजू (पीडी)।
मिक्स्ड डिसएबिलिटी वाइटैलिटी टी20 सीरीज़ का कार्यक्रम
पहला मुकाबला शनिवार, 21 जून, टॉनटन, शाम 6:30 बजे
दूसरा मुकाबला सोमवार, 23 जून, वॉर्म्सली, शाम 5:00 बजे
तीसरा मुकाबला बुधवार, 25 जून, लॉर्ड्स, दोपहर 3:30 बजे
चौथा मुकाबला शुक्रवार, 27 जून, वॉर्सेस्टर, शाम 5:00 बजे
पांचवां मुकाबला रविवार, 29 जून, वॉर्सेस्टर, दोपहर 2:30 बजे
छठा मुकाबला मंगलवार, 1 जुलाई, ब्रिस्टल, दोपहर 2:00 बजे (डबल हेडर)
सातवां मुकाबला गुरुवार, 3 जुलाई, ब्रिस्टल, शाम 6:30 बजे


