कोलकाता : (Kolkata) ग़ज़ल से लेकर आइटम सॉन्ग तक कोलकाता पुलिस के सुपर कॉप के नाम से आम लोगों के बीच मशहूर रहे आईपीएस मुरलीधर शर्मा (IPS Muralidhar Sharma) अब नए अवतार में नजर आए हैं। उनके साथ ओसी देबाशीष दत्त (OC Debashish Dutt) भी हैं।
कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट के हेड रहे मुरलीधर शर्मा (Muralidhar Sharma) अब एक नए अवतार में सामने आए हैं। ग़ज़ल लेखन और उर्दू साहित्य में रुचि रखने वाले इस आईपीएस अधिकारी ने पहली बार एक फिल्मी आइटम सॉन्ग के बोल लिखे हैं, जिसे गाया है बॉलीवुड की मशहूर गायिका सुनिधि चौहान (Bollywood’s famous singer Sunidhi Chauhan) ने। यह गीत बंगाली फिल्म ‘मृगया –द हंट’ में इस्तेमाल हुआ है और सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा हो रही है।
गीत का बोल है – “डीजे पे मस्त कोई गाना बजा… जब तक ये सांस चले, शोर मचा…”। इस गीत के संगीत निर्देशक हैं राणा मजूमदार, और फिल्म में इस पर अभिनेत्री सुष्मिता चटर्जी ने आइटम डांस किया है।
ग़ज़लों के शौकिन मुरलीधर शर्मा को उर्दू शायरी और साहित्य में गहरी दिलचस्पी है। वह मुरलीधर शर्मा “तालिब” के नाम से कई गजलें लिख चुके हैं, जो लाजवाब रहे हैं। उन्होंने नासिर काज़मी और इरफ़ान सिद्दीकी जैसे शायरों से प्रेरणा लेकर कई उर्दू किताबें भी लिखी हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्मी गीत को लिखना उनके लिए एक अलग अनुभव था। मुरलीधर ने कहा कि मैं ग़ज़ल लिखता हूं, जो पूरी तरह अलग विधा है। पहले मैं हिचकिचा रहा था, लेकिन संगीत निर्देशक के अनुरोध पर मैंने प्रयास किया। यह कितना सफल रहा, यह तो श्रोता ही बताएंगे।
इस फिल्म की पटकथा भी एक पुलिस अधिकारी ने ही लिखी है। मानिकतला थाना के वर्तमान ओसी देबाशीष दत्त ने इसकी कहानी तैयार की है, जो उत्तरी कोलकाता की एक सच्ची घटना पर आधारित है और अभी भी न्यायिक प्रक्रिया में है। उन्होंने इस फिल्म के लिए चार गीत भी लिखे हैं।
फिल्म ‘मृगया –द हंट’ का निर्देशन किया है अभिरूप घोष ने। इसमें अभिनेता ऋत्विक चक्रवर्ती, अनिर्बाण चक्रवर्ती, विक्रम चटर्जी और रेज़वान रब्बानी शेख नजर आएंगे। वहीं, खलनायक की भूमिका में हैं अभिनेता सौरव दास (Actor Sourav Das)। मुरलीधर शर्मा ने भविष्य में दोबारा गीत लेखन के सवाल पर कहा कि फिलहाल मैंने इस बारे में नहीं सोचा है। लेकिन अगर कोई अच्छा प्रस्ताव आया, तो विचार कर सकता हूं।


