
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस (Maharashtra Pradesh Congress) में लंबे समय से पद पर जमे जिला अध्यक्षों की जल्द छुट्टी होने वाली है। पार्टी हाईकमान (party high command) ने राज्य में संगठनात्मक फेरबदल को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत पांच साल से अधिक समय से पद संभाल रहे जिला अध्यक्षों को इस महीने के अंत तक हटाकर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कांग्रेस ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से “संगठन सृजन अभियान” (“Sangathan Srijan Abhiyan”) शुरू किया था। अभियान के दौरान केंद्रीय निरीक्षकों और स्थानीय नेताओं ने विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन की स्थिति और जिलाध्यक्षों के कामकाज का आकलन किया। इसकी रिपोर्ट पिछले महीने दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान को सौंपी गई थी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे के अनुसार, दिल्ली में हुई बैठक में निरीक्षकों ने अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी, जिसके आधार पर जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन, संगठन विस्तार और बूथ स्तर की सक्रियता की समीक्षा कर नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का फैसला लिया गया।


