
घरेलू हिंसा के आरोप में मुंबई पुलिस की कार्रवाई
मुंबई : (Mumbai) अभिनेत्री सेलिना जेटली (Actress Celina Jaitly) ने अपने पति पीटर हाग (Peter Haag) के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। सेलिना के आरोपों के बाद मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने पीटर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभिनेत्री ने अपने पति पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे उनकी शादीशुदा जिंदगी का विवाद अब पुलिस की दहलीज तक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें उनके अपने ही बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।
पुलिस ने पीटर के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी किया जारी
सेलिना ने अपने पति और ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग (Austrian national Peter Haag) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। ये मामला क्रूरता, शारीरिक चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और लगातार उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार, जांच में सहयोग न करने के कारण अधिकारियों ने हाग के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है। सेलिना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पीटर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ये कार्रवाई पहले से चल रहे घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 (Domestic Violence Act, 2005) के तहत मामले के अतिरिक्त की गई है। मुंबई पुलिस ने पीटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं मुख्य रूप से क्रूरता, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं।
नवंबर, 2025 से जारी है सेलिना की कानूनी जंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच प्रक्रिया में पीटर द्वारा सहयोग न करने के कारण अधिकारियों ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई और तेज कर दी है। बताया गया कि उनके इसी व्यवहार के कारण पुलिस को कठोर कदम उठाने पड़े हैं।
इससे पहले नवंबर 2025 में सेलिना ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें लगातार घरेलू हिंसा का शिकार बना रहे थे।


