spot_img

Shimla : सैलानियों की भारी भीड़ , होटलों की बुकिंग 70% के पार

शिमला : (Shimla) पहाड़ों की रानी शिमला में मौसम सुहावना होते ही सैलानियों की भारी आमद देखने को मिल रही है। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं। नतीजतन, होटलों की बुकिंग 70 फीसदी के पार पहुंच गई है, जबकि कई अन्य हिल स्टेशनों जैसे मनाली, धर्मशाला, डलहौजी और कसौली में भी पर्यटक संख्या में तेज इजाफा हुआ है।

7,000 वाहन पहुंचे शिमला, जाम ने बढ़ाई परेशानी

शिमला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक करीब 7,000 वाहन शहर में दाखिल हुए। अधिकतर गाड़ियां बाहरी राज्यों से आई थीं, जो शिमला, कुफरी और नारकंडा की ओर जा रही थीं। इस कारण कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया। आईएसबीटी बाइपास से ओल्ड बस स्टैंड तक महज 3 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब एक घंटे का समय लग रहा है।

पर्यटकों की आमद से होटल उद्योग को राहत

होटल एसोसिएशन शिमला के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस बार पर्यटन सीजन 15 अप्रैल से पहले ही शुरू हो गया है। बीते सप्ताह की तुलना में इस बार वीकेंड पर बुकिंग में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद के अनुसार कई ट्रैवल एजेंसियों ने ऑफर्स और टूर पैकेज पेश किए हैं, जिससे पर्यटन व्यवसाय को मजबूती मिल रही है।

बर्फबारी और हल्की बारिश से और निखरा मौसम

उधर, हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया है। शिमला में दिन का तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।

Bhagalpur : गैस एजेंसी की मनमानी से परेशान उपभोक्ताओं ने एसडीओ से लगाई गुहार

भागलपुर : (Bhagalpur) जिले के नाथनगर क्षेत्र में गैस उपभोक्ता (Gas consumers in the Nathnagar area) इन दिनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे...

Explore our articles