हवा में टूटकर हडसन नदी में गिरा, छह स्पेनिश नागरिकों की मौत
न्यूयॉर्क : (New York) अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मैनहट्टन इलाके में हडसन नदी के ऊपर यह हेलीकॉप्टर हवा में ही दो टुकड़ों में बंट गया और नदी में जा गिरा। मृतकों में तीन बच्चे और तीन वयस्क शामिल हैं, सभी स्पेन के निवासी थे जो न्यूयॉर्क का हवाई भ्रमण कर रहे थे।
उड़ान के कुछ मिनटों बाद टूटा संतुलन
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने लोअर मैनहट्टन स्थित वॉल स्ट्रीट हेलीपोर्ट से दोपहर 2:59 बजे उड़ान भरी थी। यह स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के चारों ओर चक्कर लगाकर मैनहट्टन के पश्चिमी हिस्से की ओर बढ़ा और फिर जॉर्ज वॉशिंगटन ब्रिज के पास मुड़ते हुए न्यू जर्सी तटरेखा की ओर बढ़ा। ठीक उसी समय हेलीकॉप्टर ने नियंत्रण खो दिया और दो हिस्सों में टूटकर सीधे हडसन नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह तस्वीर
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हेलीकॉप्टर को गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने एक जोरदार आवाज के साथ हेलीकॉप्टर को टूटते और पानी में गिरते देखा।
पुलिस और बचाव टीम ने सभी शव निकाले
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने पुष्टि की कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह यात्री स्पेन के नागरिक हैं। पुलिस आयुक्त जेसिका टिश के अनुसार, पुलिस और दमकल विभाग के गोताखोरों ने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए हैं।
चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने जताया दुख
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हादसे को भयावह बताते हुए ट्रुथ सोशल पर लिखा, “दुर्घटना का फुटेज भयावह है। भगवान पीड़ितों के परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।”
जांच जारी, मौसम था सामान्य
मौसम विभाग के मुताबिक, हादसे के वक्त हल्की बारिश जरूर हो रही थी, लेकिन दृश्यता 10 मील तक थी और हवाएं 9 से 12 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं। फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच जारी है।


