spot_img

Kolkata : ऑनलाइन ऑर्डर वालों को बना रहे थे शिकार, 17 साइबर ठग गिरफ्तार

Kolkata: Preying on Online Shoppers—17 Cyber ​​Fraudsters Arrested

कोलकाता : (Kolkata) कोलकाता में ‘कैश ऑन डिलीवरी’ (Cash on Delivery) के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। कोलकाता पुलिस ने बुधवार को इस मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नौ महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस की साइबर टीम (police’s cyber team) ने जांच के दौरान गड़ियाहाट इलाके में चल रहे एक कॉल सेंटर पर छापा मारा। यहां से 43 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, लैपटॉप और वायरलेस फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, ठग उन लोगों को निशाना बनाते थे जो ऑनलाइन सामान मंगाते समय ‘कैश ऑन डिलीवरी’ विकल्प चुनते थे। जालसाज पहले किसी तरह यह जानकारी हासिल कर लेते थे कि किस व्यक्ति ने कौन-सा सामान ऑर्डर किया है। इसके बाद वे खुद को डिलीवरी एजेंट बताकर खरीदार को फोन करते थे।

फोन पर वे कई तरह के बहाने बनाकर कहते थे कि नकद देने के बजाय क्यूआर कोड या ऑनलाइन तरीके से पहले ही पैसे भेज दें। जो लोग उनकी बातों में आकर पैसे भेज देते थे, उनके साथ ठगी हो जाती थी और उन्हें सामान नहीं मिलता था। बाद में जब असली डिलीवरी एजेंट सामान लेकर पहुंचता था, तब लोगों को पता चलता था कि उनके साथ धोखा हो गया है।

पुलिस का कहना है कि ‘कैश ऑन डिलीवरी’ में सामान मिलने से पहले कभी भी ऑनलाइन भुगतान नहीं करना चाहिए। सामान मिलने के बाद ही पैसे देना सुरक्षित तरीका है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Explore our articles