spot_img

Dhamtari: राजस्व वसूली के लिए निगम चलाएगा अभियान

धमतरी:(Dhamtari) नगर निगम के 40 वार्डों में जलकर संपत्ति कर दुकान किराया सहित विभिन्न करों की बकाया राशि आठ करोड़ तक पहुंच गई है। इसके लिए नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर शेष राशि को वसूला जाएगा। नगर निगम आने वाले दिनों में अभियान चलाएगा। इसके लिए निगम के कर्मचारियों की अलग से डयूटी लगाई जाएगी।

चुनाव की मतगणना के बाद नगर निगम द्वारा वसूली अभियान चलाया जाएगा। चुनाव में राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी, इसका सीधा असर टैक्स वसूली पर पड़ा। लक्ष्य से वसूली महज 25 प्रतिशत के आसपास ही हो पाई है। टैक्स वसूली नहीं होने पर कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तक में भी दिक्कत आ सकती है, इसलिए नगर निगम अब प्राथमिकता के साथ वसूली अभियान चलाएगा। आयुक्त के द्वारा टैक्स वसूली में तेजी लाने के लिए राजस्व विभाग के समस्त आरआई को अभी से निर्देशित किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि काम में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। तीन दिसंबर को चुनाव की मतगणना के बाद इस कार्य में तेजी आएगी।

उल्लेखनीय है कि शहर के लोगों को मूलभूत सुविधा सफाई, पानी निकासी, बिजली पेयज, सड़क आदि उपलब्ध कराना निगम का दायित्व है। इन सुविधाओं की एवज में नगर निगम के द्वारा संपत्ति, समेकित, जलकर, दुकान किराया वसूल किया जाता है। इसके अलावा होर्डिंग्स किराया, यूजर चार्ज की भी वसूली की जाती है। चालू वित्तीय वर्ष में नगर निगम का लक्ष्य आठ करोड़ 90 लाख 36 हजार रुपये की वसूली करना है। सात माह बीत गए अब तक निगम की वसूली सिर्फ दो करोड़ 79 लाख 55 हजार रुपये की हुई है। 31 मार्च तक निगम को छह करोड़ 13 लाख 17 हजार रुपये की वसूली करना है।

Explore our articles