spot_img

Lakhimpur-Kheri : पर्यटकों के लिए 15 नवंबर से खुलेगा दुधवा नेशनल पार्क

पर्यटन दरों में कमी की खबर पर पार्क प्रशासन की लगी मुहर

लखीमपुर-खीरी : दुधवा के नए पर्यटन सत्र में 2023 24 की तैयारी शुरू कर दी गई है 15 नवंबर से दुधवा नेशनल पार्क पर्यटकों के लिए खुल जाएगा। वहीं इस बार पर्यटकों के लिए राहत की खबर भी सामने आई है।अभी हाल ही में लखनऊ में दुधवा फाउण्डेशन की बैठक के बाद दुधवा पर्यटन की दरों में कमी की खबर सामने आई थी, पर कितनी कमी होनी है, क्या-क्या परिवर्तन होने हैं? इस पर सिर्फ अटकलें लगाई जा रही थी, परंतु पार्क प्रशासन द्वारा अब आदेश जारी करते हुए इस पर अपनी मुहर लगा दी गई है। पर्यटन दरों में भारी कमी की गई है।

दुधवा पार्क के फील्ड डायरेक्टर द्वारा गत 25 अक्टूबर को दुधवा पर्यटन की दरें पुनरीक्षित करते हुए आधिकारिक रूप से आदेश जारी कर दिया गया है। नये आदेश के अनुसार प्रवेश शुल्क जो प्रति व्यक्ति 300 रुपये था उसे घटाकर 200 रुपये कर दिया गया है। 05 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा स्थानीय स्कूली बच्चों के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से अनुरोध पत्र भेजे जाने जाने पर प्रवेश शुल्क निःशुल्क कर दिया गया है। गैण्डा परिक्षेत्र में भ्रमण हेतु अतिरिक्त प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 1000 रुपये था जिसे घटाकर 150 रुपये कर दिया गया है। वन मार्ग शुल्क जिप्सी, जेनान, जीप का 600 रुपये था, जिसे घटाकर 300 रुपये कर दिया गया है। पर्यटन परिसर में प्रवेश शुल्क 100 से घटाकर 50 रुपये कर दिया गया है। इस तरह लगभग सभी दरों को पुनरीक्षित कर दिया गया है। पहले 06 पर्यटकों का प्राइवेट जिप्सी सफारी वाहन में भ्रमण करने पर 4250 रुपये व्यय होता था, जो इस बार मात्र 3350 रुपये रह गया है।

पार्क प्रशासन के इस तरह से पर्यटन दरों में कमी करने से दुधवा पर्यटन में बढ़ोत्तरी की उम्मीद है। साथ ही विद्यालय के बच्चे निःशुल्क प्रवेश होने के कारण अधिकतम लाभ उठा सकते हैं। पर्यटन दरें भारतीय पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी सैलानियों के लिए भी कम की गई हैं। इससे विदेशी सैलानियों की भी इस सत्र में बढ़ोत्तरी हो सकती है।

Explore our articles