कोटा : कोटा में आरपीएफ ने गुरुवार रात राजधानी एक्सप्रेस से हजरत निजामुद्दीन से मुंबई जा रहे तीन यात्रियों से दस किलो सात सौ ग्राम सोना बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत छह करोड़ 61 लाख 59 हजार बताई गई है। टीम तीन यात्रियों का दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से पीछा कर रही थी। कोटा आने पर उनसे पूछताछ की और बैग खंगाला तो बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी और 26 लाख कैश मिला।
देर रात तीनों यात्रियों मुंबई निवासी दिलीप भाई, राजस्थान निवासी प्रीतेश कुमार मूथा और महाराष्ट्र निवासी जितेंद्र भंवर से सोने व नगदी को लेकर पूछताछ की तो ये कोई जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद आयकर विभाग की टीम को इन्हें सौंप दिया गया। कोटा मंडल स्टेशन पर आरपीएफ की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। आरपीएफ कमांडेंट विनय कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव के चलते इन दिनों आरपीएफ की ओर से विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आरपीएफ के जवान निजामुद्दीन स्टेशन पर मौजूद थे। यहां जवानों को तीन संदिग्ध यात्री राजधानी एक्सप्रेस में सवार होते नजर आए। आरपीएफ की टीम इनके पीछे लग गई। रास्ते में भी इन यात्रियों की संदिग्ध गतिविधियां लगातार जारी रहीं। ये रास्ते में बार-बार अपने बैग संभाल रहे थे। इसके बाद शक के आधार पर आरपीएफ की टीम ने इन यात्रियों की तलाशी ली। इनके बैग में सोने की चेन, बिस्किट, ज्वेलरी और कैश मिला है।


