spot_img

Dehradun : बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार पार्वती दास जीतीं, कांग्रेस के बसंत कुमार को 2405 वोटों से हराया

देहरादून: (Dehradun) बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है। भाजपा उम्मीदवार पार्वती दास ने 33247 मत लेकर कांग्रेस के उम्मीदवार बसंत कुमार को हराया। बसंत कुमार को 30842 वोट मिले। पार्वती दास ने 2405 मतों से जीत दर्ज की। इस चुनाव में अन्य सभी उम्मीदवार एक हजार मत भी नहीं पा सके। यूकेडी के अर्जुन देव 857, सपा के भगवती प्रसाद को 637, जबकि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के भागवत कोली को 268 मत ही मिले। 1257 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता को धन्यवाद किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘धन्यवाद बागेश्वर! बाबा बागनाथ की पवित्र भूमि बागेश्वर की देवतुल्य जनता को भारतीय जनता पार्टी पर पुनः विश्वास जताने पर हृदयतल से आभार। यह विजय मातृशक्ति, युवाशक्ति और वरिष्ठजनों के भाजपा सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। इस उपचुनाव में बागेश्वर विधानसभा की सम्मानित जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितैषी योजनाओं पर मुहर लगाई है। उन्होंने आगे लिखा कि राष्ट्रवाद, लोककल्याण एवं सुशासन को समर्पित यह ऐतिहासिक जीत बागेश्वर के चहुंमुखी विकास का नया अध्याय लिखेगी।

साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने पार्वती दास को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बागेश्वर विधानसभा से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक पार्वती दास को उनके उज्ज्वल कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं।भाजपा उम्मीदवार की जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में लड्डू वितरण कर लोगों को मुंह मीठा कराया गया। वहीं मुख्यमंत्री से मिलकर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने उन्हें मिठाई खिलाई।

Explore our articles