
मुंबई : (Mumbai) भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन (BJP Chief State Spokesperson Navnath Ban) ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) महाराष्ट्र में अपना जनाधार खो चुकी है, इसलिए आगामी विधान परिषद चुनाव में पार्टी का कोई भी नेता विधान परिषद तक नहीं पहुंच पाएगा। नवनाथ बन ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के पास अब सक्रिय कार्यकर्ताओं का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता लगातार अनर्गल आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
संजय राऊत के बयान को बताया निराधार
भाजपा प्रवक्ता ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राऊत (MP Sanjay Raut) के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि विधान परिषद चुनाव अब कार्यकर्ताओं के आधार पर नहीं लड़े जाते। बन ने इस टिप्पणी को पूरी तरह निराधार और वास्तविकता से परे बताया। नवनाथ बन ने कहा कि विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव नगर निगम, नगर परिषद और जिला परिषदों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के मतों से होते हैं। ऐसे में जिस पार्टी के पास जमीनी स्तर पर संगठन और जनाधार होता है, उसी के उम्मीदवारों को सफलता मिलती है। उन्होंने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के पास स्थानीय निकायों में पर्याप्त जनप्रतिनिधि नहीं हैं। यही कारण है कि पार्टी को विधान परिषद चुनाव में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बन के अनुसार, अपनी कमजोर स्थिति छिपाने के लिए पार्टी नेतृत्व इस प्रकार के आरोप लगा रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव (Maharashtra Legislative Council elections) में भाजपा और महायुति के उम्मीदवारों को अपेक्षा से अधिक सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी संभावित हार दिखाई दे रही है, इसलिए उसके नेता पहले से ही बयानबाजी कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।


