भोपाल : मध्यप्रदेश में बुधवार, 30 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर वित्तीय संस्थानों, बैंक, जिला कोषालय (ट्रेजरी) के साथ-साथ भारतीय जीवन बीमा निगम में भी छुट्टी रहेगी। राज्य सरकार ने पहली बार रक्षाबंधन के मौके पर इन संस्थानों के लिए भी अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है।
इससे पहले रक्षाबंधन पर सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद बैंकों, कोषालय, उप कोषालयों और बीमा निगम में छुट्टी नहीं रहती थी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्यप्रदेश ने 10 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेटर लिखकर रक्षाबंधन पर बैंक और वित्तीय संस्थाओं में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की थी। अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी यह मांग उठाई थी।
इस संबंध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्यप्रदेश के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार से मांग की गई थी कि जब देश के विभिन्न राज्यों में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में रक्षाबंधन पर अवकाश घोषित किया जा सकता है, तो मध्यप्रदेश में क्यों नहीं? अन्य राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश त्योहारों पर सबसे कम अवकाश घोषित हैं। कई राज्य सरकारों द्वारा इन संस्थानों में भी निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 30 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर अवकाश घोषित किया जा चुका है, इसलिए मध्यप्रदेश में भी यह मांग की जा रही थी।
मध्यप्रदेश शासन ने 19 दिसंबर 2022 को साल 2023 के लिए बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 16 दिन की छुट्टियां घोषित की थीं। इस लिस्ट में रक्षाबंधन का त्योहार शामिल नहीं था। इस वर्ष गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, होली, रामनवमी, बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी, महावीर जयंती, गुड फ्रायडे, ईद-उल-फितर, बुद्ध पूर्णिमा, ईदुज्जुहा, मोहर्रम, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती, दशहरा, गुरुनानक जयंती और क्रिसमस की छुट्टी घोषित की गई थी। अब रक्षाबंधन पर भी अवकाश घोषित किया गया है। इससे प्रदेश के करीब 50 हजार अधिकारी-कर्मचारी लाभान्वित होंगे।


